• Wed. Nov 11th, 2026

छठ महापर्व को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से किया विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश

admin's avatar

Byadmin

Nov 11, 2026
crescent ad

 

 

 

लोक आस्था एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं व्रतियों को सुरक्षित, स्वच्छ तथा सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के द्वारा संयुक्त रूप से चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दोनों वरीय पदाधिकारियों ने छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेते हुए घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं यातायात संचालन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के अवसर पर चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा, सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू, सदर एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

गांधी टोला, करणी मंदिर एवं कुम्हार टोली छठ घाट का किया निरीक्षण

 

संयुक्त निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा गांधी टोला स्थित छठ घाट, करणी मंदिर छठ घाट तथा कुम्हार टोली छठ घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों का अवलोकन किया गया। इस दौरान घाटों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों, श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधा, घाट परिसर की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने नगर परिषद के संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व के मद्देनजर सभी घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाते हुए घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।

 

हाई मास्ट लाइट से रोशन होंगे छठ घाट, प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर

 

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने छठ घाटों पर स्थापित की जा रही हाई मास्ट लाइट एवं अन्य प्रकाश संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान संध्याकालीन एवं प्रातःकालीन अर्घ्य के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का घाटों पर आगमन होता है। ऐसे में घाट परिसर, पहुंच पथ एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि हाई मास्ट लाइट लगाने के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करते हुए उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त आवश्यकता के अनुरूप अन्य प्रकाश उपकरणों की व्यवस्था भी रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को अंधेरे के कारण किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उपायुक्त ने कहा कि प्रकाश व्यवस्था केवल घाट परिसर तक सीमित नहीं रहे, बल्कि श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों एवं आवश्यक स्थानों पर भी पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जाए।

 

व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम एवं वृद्धजनों के लिए वाहन सुविधा का निर्देश

 

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने छठ व्रतियों, विशेषकर महिलाओं की सुविधा एवं निजता को ध्यान में रखते हुए घाटों पर उपयुक्त स्थानों पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही वृद्धजनों एवं आवागमन में कठिनाई का सामना करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार वाहन की व्यवस्था करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान सभी आयु वर्ग के श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त घाटों पर प्रभावी अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा गया कि इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं, सुरक्षा संबंधी निर्देश एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जा सकेगी।

 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता:- पुलिस अधीक्षक

 

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रमुख छठ घाटों एवं उनके संपर्क मार्गों पर आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती तथा प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि छठ घाटों के आसपास वाहनों के अनियंत्रित आवागमन से श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए यातायात संचालन की समुचित व्यवस्था की जाएगी। आवश्यकता के अनुरूप वाहनों के पार्किंग स्थलों का निर्धारण, यातायात नियंत्रण तथा भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही घाटों तक आने-जाने वाले मार्गों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

 

*छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं:- उपायुक्त*

 

इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, पवित्रता एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित तथा सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। घाटों पर हाई मास्ट लाइट सहित पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, विशेष साफ-सफाई, चेंजिंग रूम, अनाउंसमेंट सिस्टम तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान विशेष रूप से महिलाओं, वृद्धजनों एवं बच्चों की सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। वृद्ध श्रद्धालुओं के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। हमारा प्रयास है कि सभी श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के श्रद्धा एवं उल्लास के साथ छठ महापर्व संपन्न कर सकें। उन्होंने नगर परिषद एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed