• Tue. Oct 6th, 2026

गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

admin's avatar

Byadmin

Oct 6, 2026
crescent ad

 

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत नोटिस एवं सुनवाई से संबंधित विषयों को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री बंधन लॉन्ग सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत नो मैपिंग एवं विभिन्न प्रकार की विसंगतियों के कारण मतदाताओं को जारी किए गए नोटिस के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नियमानुसार सुरक्षित एवं सत्यापित रह सकें।

 

बताया गया कि जिन मतदाताओं को नो मैपिंग अथवा अन्य विसंगतियों के कारण नोटिस निर्गत किया गया है, उनके मामलों में संबंधित बीएलओ अब घर-घर जाकर मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे। प्राप्त दस्तावेजों को ईसीआई नेट/बीएलओ ऐप पर अपलोड किया जाएगा। इसके माध्यम से संबंधित मतदाता के मामले का आवश्यक सत्यापन एवं नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नोटिस प्राप्त होने के उपरांत मतदाता स्वयं भी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक मतदाता सेवा पोर्टल www.voters.eci.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि नोटिस प्राप्त होने की स्थिति में घबराने की आवश्यकता नहीं है। संबंधित मतदाता आवश्यक दस्तावेज के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष प्रस्तुत करें।

 

बैठक में विशेष रूप से समाज के उन वर्गों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, जो किसी कारणवश नियमित रूप से अपने निवास स्थान पर उपलब्ध नहीं रहते हैं अथवा आवश्यक प्रक्रियाओं से जुड़ने में कठिनाई का सामना करते हैं। रैन बसेरों में रहने वाले लोगों, मजदूरों, गरीब, बेघर एवं अन्य वंचित वर्गों के लिए हेल्प डेस्क एवं विशेष शिविर के माध्यम से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।

 

इसी क्रम में 10 अक्टूबर 2026 को जिले में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में संबंधित मतदाताओं को गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी जाएगी तथा नोटिस प्राप्त मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज जमा करने एवं संबंधित प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि शिविरों में आने वाले नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

 

श्री मनीष कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं सत्यापन एक महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर से मतदाताओं को गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जागरूक करें तथा पात्र मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम अनावश्यक रूप से मतदाता सूची से प्रभावित न हो।

 

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा भी गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा आवश्यक सुझाव रखे गए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया।

 

मौके पर कांग्रेस से श्री त्रिशानु राय, भाजपा से श्री रंजन प्रसाद, बहुजन समाज पार्टी से श्री जेम्स हेम्ब्रम, झारखंड मुक्ति मोर्चा से श्री कैसर परवेज, आजसू पार्टी से श्री चन्द्र मोहन सिंकु सहित संबंधित पदाधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *