• Mon. Jul 27th, 2026

किरीबुरू पुलिस ने हिट एंड रन केस का किया खुलासा, आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

admin's avatar

Byadmin

Jul 27, 2026
crescent ad

 

किरीबुरू: किरीबुरू थाना पुलिस ने सड़क दुर्घटना के एक मामले का खुलासा करते हुए अजंता कंडुलना (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई मेघाहातुबुरु के सेलकर्मी सचिन करण की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में की गई।

 

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व सारंडा सुवन छात्रावास के समीप रात के समय सचिन करण गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। उन्हें तत्काल इलाज के लिए इस्पात जनरल अस्पताल, राउरकेला ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। प्रारंभिक तौर पर यह माना जा रहा था कि सचिन स्वयं मोटरसाइकिल दुर्घटना के शिकार हुए थे, लेकिन किरीबुरू थाना पुलिस की गहन जांच में मामले की सच्चाई सामने आ गई।

 

थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण और विभिन्न तथ्यों की गहन पड़ताल की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सचिन करण की मोटरसाइकिल को अजंता कंडुलना द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाई जा रही मोटरसाइकिल ने टक्कर मारी थी।

 

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद सचिन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े थे, लेकिन आरोपी ने उनकी मदद करने के बजाय घटनास्थल से फरार होना उचित समझा। न तो उसने घायल को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया और न ही पुलिस या एंबुलेंस को सूचना दी।

 

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

पुलिस का मानना है कि यदि दुर्घटना के तुरंत बाद घायल को समय पर चिकित्सीय सहायता मिल जाती, तो स्थिति अलग हो सकती थी। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति की तत्काल सहायता करें तथा पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दें। उन्होंने बताया कि दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले “गुड समैरिटन” (नेक नागरिकों) को कानून संरक्षण प्रदान करता है।

 

किरीबुरू थाना पुलिस की इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क दुर्घटना कर फरार होने वाले आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *