• Thu. Aug 13th, 2026

एनओसी की बाधाएँ जल्द होगी दूर, बालियापुर-मोहरीबांध सड़क निर्माण का रास्ता साफ

admin's avatar

Byadmin

Aug 13, 2026
crescent ad

 

धनबाद। झरिया विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण कार्य को गति देने की दिशा में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने पहल तेज कर दी है। बालियापुर से मोहरीबांध तक सड़क निर्माण का कार्य एनओसी के अभाव में रुका पड़ा है। इस मामले को लेकर विधायक रागिनी सिंह ने आज पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से मुलाकात कर उन्हें पत्र सौंपा और सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग रखी।

 

विधायक ने अपने पत्र में झरिया विधानसभा क्षेत्र के धनबाद अंतर्गत बालियापुर-मोहरीबांध पथ (MDR-047) के किलोमीटर एक एवं दो के बीच भू-धंसान की स्थिति तथा आवागमन में हो रही परेशानी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक डायवर्सन रोड का निर्माण आवश्यक है। बीसीसीएल की ओर से पोषित (Funded) डायवर्सन रोड के निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति एवं एनओसी उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

 

रागिनी सिंह ने प्रधान सचिव के समक्ष कहा कि सड़क की स्थिति और लगातार बढ़ रही लोगों की परेशानी को देखते हुए विभागीय स्तर पर तत्काल पहल जरूरी है। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक एनओसी की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए, ताकि सड़क निर्माण कार्य शुरू हो सके और लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिले।

 

प्रधान सचिव सुनील कुमार ने विधायक को दिया आश्वासन

 

मामले पर पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने विधायक रागिनी सिंह को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण में आ रही तकनीकी एवं एनओसी संबंधी अड़चन को दूर करने के लिए चीफ इंजीनियर के माध्यम से स्थल का सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जेएमसी कंपनी को जल्द से जल्द एनओसी उपलब्ध कराकर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

 

विधायक ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने दिया जाएगा। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्य को जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।

 

स्थानीय लोगों के लिए यह सड़क महत्वपूर्ण है। सड़क निर्माण शुरू होने से आवागमन सुगम होने के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक की इस पहल के बाद सड़क निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्रवासियों में भी उम्मीद जगी है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *