
आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन एवं निरीक्षण, पोषण ट्रैकर ऐप पर ससमय डेटा एंट्री, किशोरियों एवं पात्र माताओं को योजनाओं से जोड़ने तथा स्पॉन्सरशिप योजना के लाभुक बच्चों का सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश…
आज समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग एवं सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए विभागवार योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन तथा केंद्रों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को पोषणयुक्त आहार एवं निर्धारित सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए तथा केंद्रों में पेयजल, स्वच्छता, पोषण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। संबंधित पदाधिकारी नियमित निरीक्षण के माध्यम से केंद्रों की व्यवस्था का जायजा लें और कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।

उपायुक्त ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VH-SND) का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप नियमित आयोजन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने निर्देश दिया कि VH-SND गतिविधियों के दौरान संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) एवं महिला पर्यवेक्षिकाएं (LS) निरीक्षण करें। इसके अतिरिक्त, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करते हुए केंद्रों के संचालन, आवश्यक सुविधाओं, पोषणयुक्त आहार की उपलब्धता एवं अन्य निर्धारित सेवाओं की जांच की जाए। निरीक्षण की रिपोर्ट जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
पोषण ट्रैकर ऐप की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं एवं लाभुकों से संबंधित निर्धारित विवरणों के आधार पर केंद्रों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। पोषण ट्रैकर ऐप पर बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं से संबंधित आवश्यक सूचनाओं की नियमित एवं ससमय डेटा एंट्री की जाए। उन्होंने डेटा की शुद्धता एवं अद्यतन स्थिति की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित प्रविष्टियों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। संबंधित CDPO एवं महिला पर्यवेक्षिकाएं डेटा एंट्री की नियमित निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा लंबित कार्य को दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।
सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने योजना के लाभ से वंचित सभी पात्र किशोरियों की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा उन्हें नियमानुसार योजना का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को विद्यालयों एवं क्षेत्रीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर पात्र किशोरियों को योजना से जोड़ने की कार्रवाई करने को कहा।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने तथा पात्र माताओं को नियमानुसार योजना का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करने एवं आवेदन तथा भुगतान की स्थिति की नियमित समीक्षा करने को कहा।
स्पॉन्सरशिप योजना की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने योजना के अंतर्गत चयनित बच्चों का सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सत्यापन के दौरान यह जांच करने को कहा गया कि लाभुकों को निर्धारित आर्थिक सहायता नियमित रूप से मिल रही है तथा वे सुरक्षित पारिवारिक वातावरण में रह रहे हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई बच्चा शोषण, दबाव अथवा किसी अन्य प्रतिकूल परिस्थिति से प्रभावित न हो। आवश्यकता पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए बच्चों के संरक्षण एवं हितों को प्राथमिकता दी जाए।
उपायुक्त ने स्पॉन्सरशिप योजना के लाभ से वंचित पात्र बच्चों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को क्षेत्रीय स्तर पर सर्वेक्षण एवं सत्यापन के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा पात्रता के अनुरूप आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए उन्हें सरकारी सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा नियमित अनुश्रवण के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक कल्याण से संबंधित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभुक तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर, निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्रीमती निवेदिता राय, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO), महिला पर्यवेक्षिकाएं (LS) एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
