
बोकारो थर्मल-
थाना चौक के समीप स्थित सेंट्रल मार्केट के मुख्य प्रवेश द्वार पर पिछले कई दिनों से कचरा जमा होने के कारण दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्केट के विभिन्न हिस्सों से निकलने वाला कचरा मुख्य गेट के समीप ही डंप किए जाने से यहां कचरे का अंबार लग गया है।

लगातार बारिश के कारण कचरा सड़ने लगा है, जिससे आसपास दुर्गंध फैल रही है। इसका असर मार्केट आने वाले ग्राहकों और दुकानदारों पर भी पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से डीवीसी के अधिकारी और कर्मचारी नियमित रूप से आते-जाते हैं, इसके बावजूद कई दिनों से जमा गंदगी की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्केट के दोनों ओर तीन डस्टबिन की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद कुछ दुकानदार निर्धारित स्थान पर कचरा डालने के बजाय मुख्य गेट के समीप ही कचरा फेंक रहे हैं। इससे बाजार की साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
हर रविवार को इसी स्थान पर साप्ताहिक बाजार भी लगता है। कचरे के ढेर के कारण बाहर से आने वाले छोटे दुकानदारों को गंदगी के बीच दुकान लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने मुख्य प्रवेश द्वार से कचरा हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में डीवीसी महाप्रबंधक (एचआर) ए.ए. कुजूर ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। ऐसे दुकानदारों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मार्केट में साफ-सफाई की व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
