• Mon. Oct 26th, 2026

सरायकेला धोबा साईं में माँ लक्ष्मी पूजा पंडाल का उद्घाटन, क्षेत्रवासियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का अध्यक्ष ने दिया भरोसा

admin's avatar

Byadmin

Oct 26, 2026
crescent ad

 

सरायकेला – रविवार को धोबा साईं में आयोजित माँ लक्ष्मी पूजा महोत्सव के अवसर पर नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में माँ लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने माँ लक्ष्मी से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से क्षेत्र के सभी लोगों को अष्टलक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त हो तथा प्रत्येक घर में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास हो।

 

अपने संबोधन में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि माँ लक्ष्मी की कृपा से सरायकेला शहर को सेंसरयुक्त स्ट्रीट लाइटों से जगमगाने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रकाश केवल अंधकार दूर करने का माध्यम नहीं, बल्कि सकारात्मकता, सुरक्षा, समृद्धि और विकास का भी प्रतीक है। नगर पंचायत का प्रयास है कि शहर की गलियों और मोहल्लों को बेहतर रोशनी से सुसज्जित कर नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

 

कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष ने उपस्थित माताओं-बहनों एवं बस्तीवासियों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित समस्याओं के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समाधान और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

 

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने घरों के भीतर और बाहर तथा आसपास के मोहल्ले को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर सरायकेला के निर्माण में नगर पंचायत के प्रयासों के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।

 

इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी के बीच पूरा वातावरण उत्साह, उमंग और भक्तिमय उल्लास से सराबोर रहा।

 

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद बरुण साहू, गौतम नायक एवं विक्रम मोदक, झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भोला महांती, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य, नगर सचिव तपन कामिला, महिला नगर अध्यक्ष सुशीला सुतार, पिंकी मोदक, समीर रजक, रवि सुतार, राजू रजक सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बस्तीवासी उपस्थित थे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *