• Thu. Aug 13th, 2026

सप्लाई मजदूरों के नौ सूत्री मांगों को लेकर धरना, प्रबंधन के आश्वासन पर चरणबद्ध आंदोलन स्थगित

admin's avatar

Byadmin

Aug 13, 2026
crescent ad

 

बेरमो/बोकारो थर्मल –

 

डीवीसी के बोकारो ताप विद्युत केंद्र में कार्यरत सैकड़ों सप्लाई मजदूरों ने नौ सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत परियोजना प्रमुख सुशील कुमार अरजरिया के कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने अपनी मांगों के समर्थन में घंटों नारेबाजी की।

 

धरना के बाद परियोजना प्रमुख की पहल पर उनके कक्ष में संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों और प्रबंधन के बीच वार्ता हुई। वार्ता में परियोजना प्रमुख सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि सप्लाई मजदूरों को स्थायी कर्मचारियों के समान ऊर्जा भत्ता देने, प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड मीटर में परिवर्तित करने तथा सेवानिवृत्त सप्लाई मजदूरों के आवास का सामान्य किराये से 60 गुना दंडात्मक किराया ग्रेच्युटी की राशि से काटे जाने के मामले को मुख्यालय स्तर पर निर्णय के लिए सकारात्मक अनुशंसा के साथ भेजा गया है।

 

उन्होंने बताया कि इन मांगों सहित अन्य मामलों पर निर्णय लेने के लिए सक्षम उच्चाधिकारियों ने विस्तृत चर्चा हेतु उप महाप्रबंधक (प्र.) ए.के. कुजूर को आगामी 18 अगस्त को मुख्यालय बुलाया है। परियोजना प्रमुख ने उम्मीद जताई कि उक्त मामलों का सकारात्मक समाधान होगा।

 

वार्ता के दौरान प्रबंधन ने आश्वस्त किया कि ऊर्जा भत्ता और प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड मीटर में बदलने के मामले में मुख्यालय का स्पष्ट निर्णय आने तक स्मार्ट मीटर रिचार्ज नहीं होने पर भी सप्लाई मजदूरों के आवास की बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी। साथ ही बिजली चार्ज के रूप में प्रतिमाह वेतन से काटी जाने वाली 100 रुपये की राशि तथा मूल वेतन का एक प्रतिशत तत्काल बंद करने की बात कही गई।

 

सेवानिवृत्त होने वाले सप्लाई मजदूरों को समय पर ग्रेच्युटी का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सेवानिवृत्ति से पूर्व सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने, सप्लाई मजदूरों को खाली पड़े उच्च श्रेणी के एफएम एवं जीएम टाइप आवास आवंटित करने तथा आवासों का आवश्यक अनुरक्षण कराने का भी आश्वासन दिया गया।

 

इसके अलावा चिकित्सा सुविधा के लिए सामूहिक मेडिक्लेम में आ रही परेशानियों को दूर करने, सप्लाई मजदूरों के कार्यस्थल में परिवर्तन से पहले श्रमिक प्रतिनिधियों को विश्वास में लेने तथा त्रिपक्षीय समझौते के अनुसार प्रबंधन के साथ बेहतर समन्वय के लिए तत्काल त्रिपक्षीय समिति गठित करने पर भी सहमति बनी।

 

प्रबंधन के आग्रह पर संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों ने अपना घोषित चरणबद्ध आंदोलन तत्काल स्थगित करने की घोषणा की। हालांकि मोर्चा ने स्पष्ट किया कि ऊर्जा भत्ता, प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड मीटर में बदलने तथा सेवानिवृत्त सप्लाई मजदूरों के आवास के 60 गुना दंडात्मक किराये की कटौती बंद करने के मामलों में सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन पुनः जारी किया जाएगा।

 

वार्ता में ये रहे मौजूद: संयुक्त मोर्चा की ओर से डीवीसी ठेका मजदूर संघ के महामंत्री भरत यादव, संजय मिश्रा, ब्रज किशोर सिंह, नवीन कुमार पाठक, अशीम तिवारी, गणेश राम, रितलाल महतो, रघुवर सिंह और नागेश्वर महतो मौजूद थे। वहीं प्रबंधन की ओर से मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया, महाप्रबंधक ए. कुजूर एवं वरीय प्रबंधक पार्थो मुखर्जी उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *