
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिले के नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र में बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। सदर एसडीओ के आदेश पर नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया।

कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती ने बताया कि अतिक्रमण हटाने को लेकर पूर्व में ही सार्वजनिक सूचना जारी की गई थी। इसके साथ ही सड़क किनारे अवैध कब्जा करने वाले लोगों को व्यक्तिगत नोटिस भी दिया गया था। नोटिस में स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लोग सरकारी जमीन और सड़क किनारे से अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लें। बावजूद इसके कई लोगों ने प्रशासन के निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए कब्जा नहीं हटाया। बार-बार चेतावनी दिए जाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर सदर एसडीओ ने सख्त रुख अपनाया।

बुधवार सुबह नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने बसन बीघा मोड़ से लेकर शिवा बीघा मोड़ होते हुए थाना रोड तक सड़क किनारे बनी अस्थायी दुकानों, ठेलों, टीन शेड, चबूतरों और अन्य अवैध निर्माणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी प्रकार की विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो। बुलडोजर चलते ही कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ लोगों ने प्रशासन से अतिरिक्त समय देने की मांग की। हालांकि अधिकारियों ने नोटिस की समय सीमा समाप्त होने की बात कहते हुए अभियान जारी रखा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी। स्कूली बच्चों, मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस तथा आम राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटने से अब यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और लोगों को राहत मिलेगी।
कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती ने कहा कि शहर को जाम मुक्त, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार चलाया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा जुर्माना भी वसूला जाएगा। नगर पंचायत प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा न करें और शहर के विकास एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
