• Tue. Mar 10th, 2026

रूपेश हत्याकांड व दुलमाहा आगजनी मामले की जांच करने फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची सीबीआई रूपेश हत्याकांड व दुलमाहा आगजनी मामले की जांच से जुड़ी हर कड़ी की करेगी तलाश

Admin Office's avatar

ByAdmin Office

Nov 15, 2022

 

बरही/पंचम कुमार

बरही रूपेश हत्याकांड की जांच करने सीबीआई की चार सदस्यीय टीम बरही के दुलमाहा गांव पहुंची। सीबीआई की टीम के साथ दिल्ली से फोरेंसिक जांच टीम के सदस्य भी शामिल थे। मंगलवार की सुबह सीबीआई बरही थाने गई और मामले में दर्ज केस से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। सीबीआई जांच को तेजी से आगे बढ़ा रही है। मामले की जांच के लिए सीबीआई की चार सदस्यीय टीम आई है। सीबीआई टीम में दो इंस्पेक्टर समेत अन्य दो पदाधिकारी शामिल हैं। सीबीआई टीम का नेतृत्व रूपेश हत्याकांड के अनुसंधानकर्ता इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार यादव व दुलमाहा आगजनी के अनुसंधानकर्ता सुनील कुमार कुशवाहा कर रहे थे। वहीं सात सदस्यीय फोरेंसिक जांच टीम का नेतृत्व डॉ एके सिंह कर रहे थे।सीबीआई की टीम व फोरेंसिक जांच टीम दुलमहा गांव में घूमघूम कर हर पहलू पर गहनता से जांच करते नजर आई। टीम ने बरही पुलिस से एक गाइड की मांग की, जो घटनास्थल और अन्य जगहों पर ले जाने में मदद कर सके। उनकी मदद करने बरही थाना से एसआई आदित्य कुमार व विकास कुमार मौजूद रहे। घटना स्थल पर पहुंचकर सीबीआई टीम ने आगजनी को लेकर पूरी तफ्तीश से जानकारी प्राप्त की, हालांकि टीम के सभी लोग पत्रकारों से दूरी बनाते हुए मामले से सम्बंधित कुछ भी बताने से इनकार किया। कहा कि मामले का अनुसंधान जारी हैं। पूरे प्रकरण में निष्पक्ष तरीके से जांच किया जा रहा है।

रूपेश हत्याकांड से जुड़ी जानकारी :

बरही का सबसे चर्चित रूपेश हत्याकांड मामले में हाई कोर्ट ने सुनवाई करते हुए पूरे केश को सीबीआई को सौपने का आदेश दिया था। तब जाकर हजारीबाग के चर्चित रूपेश हत्याकांड में सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर ली है। सीबीआई की पटना स्पेशल ब्रांच ने मामले के जांच को लेकर एफआईआर दर्ज की है। इसमें 27 को नामजद आरोपी बनाया गया है। दो सितंबर को झारखंड हाई कोर्ट ने रूपेश पांडेय की मां उर्मिला देवी की याचिका पर सीबीआई जांच का आदेश दिया था।

सीबीआई ने किया है दो एफआईआर दर्ज :

हजारीबाग के चर्चित रूपेश पांडेय हत्याकांड में सीबीआई की पटना स्पेशल क्राइम ब्रांच ने दो एफआईआर दर्ज की है। पहली प्राथमिकी रूपेश पांडेय की हत्या के मामले में दर्ज की गई है, जिसमें सीबीआई ने 27 नामजद समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया है। वहीं, रूपेश पांडेय की हत्या के बाद आगजनी और दंगा के मामले में दूसरी प्राथमिकी सीबीआई ने दर्ज की है, जिसमें 87 नामजद समेत 200 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। रुपेश पांडेय की इसी साल छह फरवरी को बरही में भीड़ ने सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। सीबीआई के इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार यादव को रूपेश हत्याकांड व सुनील कुमार कुशवाहा दुलमाहा आगजनी केस के अनुसंधान का जिम्मा दिया गया है।

हत्या के बाद बढ़ गया था तनाव :

बरही में 6 फरवरी को नईटांड़ निवासी रूपेश पांडेय की हत्या दुलमाहा लखना गांव में एक समुदाय विशेष के लोगों द्वारा कर दी गई थी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने जीटी रोड को जाम कर दिया था। इस घटना के बाद सरकार को पहली बार पांच जिलों में इंटरनेट पर प्रतिबंध लगाना पड़ा था।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *