• Tue. Jul 14th, 2026

मतदाता सूची पुनरीक्षण को सफल बनाने में सभी करें सहयोग : उपायुक्त मनीष कुमार

admin's avatar

Byadmin

Jul 14, 2026
crescent ad

 

 

*चाईबासा* पश्चिमी सिंहभूम के तांतनगर प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय गितिलादेर स्थित मतदान केंद्र संख्या-20 पर मंगलवार को बीएलओ, बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने भाग लेते हुए मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की और इसे सफल बनाने के लिए सभी के सहयोग का आह्वान किया।

 

उपायुक्त ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के तहत ऐसे मतदाताओं की पहचान की जा रही है जो मृत हैं, स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके हैं, अनुपस्थित हैं या जिनका नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक व्यक्ति का नाम केवल एक ही विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए।

 

उन्होंने बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी के सक्रिय सहयोग से ही मतदाता सूची को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।

 

बैठक में उपस्थित मतदाताओं से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों के मतदाता विवरण का सत्यापन करने की अपील करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर नाम जुड़वाएं। वहीं मृत, स्थानांतरित अथवा दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की जानकारी संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं।

 

इस दौरान चुनाव पाठशाला के माध्यम से मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची के महत्व, पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया तथा विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग की जानकारी भी दी गई। लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

 

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी तांतनगर, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए-2, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में मतदाता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता के आह्वान के साथ हुआ।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *