
सरायकेला-खरसावाँ : आज दिनांक 12 अक्टूबर, 2026 को समाहरणालय सभागार में प्रमंडलीय आयुक्त, कोल्हान प्रमंडल, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा श्री रवि रंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन एवं राजस्व संग्रहण तथा ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक में आंतरिक संसाधन एवं राजस्व संग्रहण की समीक्षा के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को राजस्व संग्रहण की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिला खनन पदाधिकारी को नियमित जांच अभियान संचालित करने तथा अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, अवैध खनन से संबंधित गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने एवं दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी को नियमित वाहन जांच अभियान संचालित करने तथा राजस्व संग्रहण के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा राजस्व संग्रहण की नियमित समीक्षा करने को कहा गया।
अधीक्षक उत्पाद को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच एवं छापेमारी अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया। अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत नियमानुसार कार्रवाई करने तथा इस संबंध में सतत निगरानी बनाए रखने को कहा गया।
नगर निकाय क्षेत्रों में राजस्व संग्रहण की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप संग्रहण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही, शहरी क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने तथा संबंधित कार्यों का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा गया।
ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित अन्य योजनाओं के निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह को जिले में संचालित विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों के बीच आवश्यक समन्वय स्थापित कर योजनाओं के समयबद्ध निष्पादन में सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं अन्य भवनों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रमंडलीय आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
उन्होंने विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब करने वाले संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ऐसे संवेदकों के विरुद्ध संबंधित विभाग को सूचित करते हुए काली सूची में डालने की प्रक्रिया प्रारंभ करने तथा अन्य जिलों को भी इसकी जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि नियमानुसार ऐसे संवेदकों को अन्य जिलों में भी कार्य आवंटित किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने सभी कार्यपालक अभियंताओं को संचालित योजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने तथा संवेदकों के साथ नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्यों की प्रगति का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। कार्यों के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का समयबद्ध निराकरण करते हुए संबंधित विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब होने से उनके निर्धारित उद्देश्यों की प्राप्ति प्रभावित होती है तथा लागत में भी वृद्धि की संभावना रहती है। अतः सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसियां अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि आमजनों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जा सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
