• Sat. May 2nd, 2026

पुरानी रंजिश में खूनी हमला, पूर्व मुखिया के भाई की हालत गंभीर

admin's avatar

Byadmin

Apr 30, 2026
crescent ad

 

नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

 

औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत माली थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना जसोईया गांव के समीप की बताई जा रही है, जहां हमले में घायल व्यक्ति की गर्दन करीब 40 प्रतिशत तक कट गई। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया, इसके बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल की पहचान माली थाना क्षेत्र के चरण गांव निवासी 45 वर्षीय संतोष कुमार चौधरी उर्फ मुटर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि संतोष ताड़ी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह रोज की तरह ताड़ी लाने के लिए जसोईया बाजार गया था। बाजार से लौटने के दौरान पहले से घात लगाए बैठे पड़ोस के ही रामप्यारे चौधरी ने उस पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने संतोष पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर ही गिर पड़ा। काफी देर तक वह खून से लथपथ हालत में वहीं पड़ा रहा। इसी दौरान बनहरा गांव की ओर से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर उस पर पड़ी, जिन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को आनन-फानन में डेहरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

डेहरी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।फिलहाल वहां उसका इलाज जारी है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।

घटना को लेकर घायल के भाई एवं पूर्व मुखिया संजय चौधरी ने बताया कि आरोपी रामप्यारे चौधरी के साथ पूर्व में जमीन को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और जमीन का बंटवारा भी हो चुका था। इसके बावजूद आरोपी ने पुरानी रंजिश रखते हुए इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि हमले के दौरान संतोष ने आरोपी को पहचान लिया था

और उसका नाम लेकर जान की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी ने हमला जारी रखा। इस संबंध में घायल के पिता राजेंद्र चौधरी ने माली थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में रामप्यारे चौधरी को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार राय ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *