
*पश्चिमी सिंहभूम* : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पश्चिमी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत मंगलवार से घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों—चाईबासा, मंझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर एवं चक्रधरपुर में बूथ लेवल पदाधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं तक पहुंचकर गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं।
अभियान के तहत प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां दी जा रही हैं। एक प्रति भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को वापस करनी होगी, जबकि दूसरी प्रति पर बीएलओ के हस्ताक्षर लेकर पावती के रूप में सुरक्षित रखनी होगी।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान चरण में गणना प्रपत्र के साथ किसी भी प्रकार का दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं है। इस दौरान केवल निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदाताओं का फोटो लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि कोई मतदाता हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र समय पर बीएलओ को वापस नहीं करता है, तो उसका नाम 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं रहेगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे गणना प्रपत्र को सही एवं पूर्ण रूप से भरकर निर्धारित समय के भीतर जमा करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में बना रहे और वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग कर सकें।
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया चलेगी। इस अवधि में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं अन्य त्रुटियों के सुधार के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से इस महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है, ताकि जिले की मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
