
चाईबासा, 29 जून 2026: पश्चिमी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा प्रभारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज मामलों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही नशीले पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अब तक की गई कार्रवाई का विस्तृत आकलन करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रशासनिक सतर्कता के साथ-साथ कड़ी कार्रवाई भी आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी को बसों एवं अन्य सार्वजनिक वाहनों में नियमित रैंडम जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि नशीले पदार्थों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। वहीं ड्रग इंस्पेक्टर को नशीली दवाओं तथा कोडिन युक्त कफ सिरप के अवैध भंडारण, बिक्री एवं वितरण के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण तथा जनजागरूकता अभियान को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
बैठक के अंत में एनकॉर्ड के तहत जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए समन्वित प्रयास जारी रखने का संकल्प भी लिया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
