
के. के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, नीरो, गोविंदपुर, धनबाद में आयोजित 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026 का समापन शुक्रवार को रोमांचक फाइनल मुकाबलों एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ। चार दिनों तक चले इस राज्य स्तरीय आयोजन में झारखंड के विभिन्न जिलों एवं इकाइयों से आए लगभग 400 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि झरिया विधायक श्रीमती रागिनी सिंह एवं निरसा विधायक श्री अरूप चटर्जी थे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं राज्य की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में श्री विजय झा (पूर्व बियाडा अध्यक्ष), डॉ. शिवानी झा, डॉ. प्रतिभा राय, डॉ. आशा राय, श्रीमती शारदा सिंह (अध्यक्ष, जिला परिषद), श्री कृष्णा अग्रवाल, श्री राजीव शर्मा, श्री उदय सिंह, श्री जुबैर आलम, श्री अमरेंद्र सहाय (पूर्व अध्यक्ष, बार काउंसिल धनबाद) एवं श्री जीतेंद्र सिंह (सचिव, बार काउंसिल धनबाद) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा किए गए सफल आयोजन की सराहना की।

बालिका वर्ग फाइनल
बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में झारखंड आर्म्ड पुलिस-1 (JAP-1) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टाटा स्टील को 34-08 से पराजित कर राज्य चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। विजेता टीम की ओर से दृषानी ने 18 अंक बनाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि टाटा स्टील की ओर से खुशी ने 5 अंक अर्जित किए।
बालक वर्ग फाइनल
बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में पूर्वी सिंहभूम जिला बास्केटबॉल संघ (ESDBA) ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर बास्केटबॉल एसोसिएशन (JBA) को 57-31 से पराजित कर राज्य चैंपियनशिप अपने नाम की। विजेता टीम के उदय ने 18 अंक बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि जमशेदपुर की ओर से राजवीर ने 13 अंक अर्जित किए।
तृतीय स्थान के मुकाबले
बालिका वर्ग के तीसरे स्थान के मुकाबले में जमशेदपुर बास्केटबॉल एसोसिएशन (JBA) ने धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ (DDBA) को 29-22 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बालक वर्ग के तीसरे स्थान के मुकाबले में धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ (DDBA) ने बोकारो स्टील लिमिटेड (BSL) को 37-34 से पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया। धनबाद की ओर से साहिल ने 12 अंक बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेमीफाइनल मुकाबले
सेमीफाइनल मुकाबलों में बालिका वर्ग में JAP-1 ने JBA को 50-15 तथा टाटा स्टील ने धनबाद को 46-39 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
बालक वर्ग में पूर्वी सिंहभूम ने BSL को 50-30 तथा जमशेदपुर बास्केटबॉल एसोसिएशन ने धनबाद को 38-35 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ की अध्यक्ष डॉ. साधना कुमारी ने सभी विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता ने राज्य की युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, कोचों, निर्णायकों, प्रायोजकों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं खेल प्रेमियों का सफल आयोजन हेतु आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विशेष रूप से झारखंड बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष ओलंपियन श्री हरभजन सिंह एवं सचिव तथा अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच श्री जे. पी. सिंह का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, विश्वास एवं सहयोग के कारण धनबाद को इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में तपन सेन (आयोजन सचिव, 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता), अनंत श्रीकृष्ण (संयुक्त सचिव, धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ) एवं पंकज कुमार (समन्वयक, धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ) सहित आयोजन समिति के सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ ने झारखंड बास्केटबॉल संघ, खिलाड़ियों, अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों, प्रायोजकों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल समापन की घोषणा की।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
