
बेरमो/ बोकारो थर्मल- ऊपरघाट क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से जर्जर हालत में चल रही स्कूली बस को दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) इकाई द्वारा मरम्मत कर पुनः सुचारु कर दिया गया है। इससे अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में पहले से अधिक सुविधा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, करीब एक दशक पूर्व गिरिडीह के तत्कालीन सांसद रविंद्र कुमार पांडेय की सांसद निधि से यह बस विद्यार्थियों की शिक्षा सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध कराई गई थी। समय बीतने के साथ बस की सीटें, लाइटें और अन्य आवश्यक हिस्से खराब हो गए थे, जिससे बच्चों को यात्रा के दौरान असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।

विद्यार्थियों की परेशानी को देखते हुए डीवीसी सीएसआर ने बस की आवश्यक मरम्मत करवाई और उसे फिर से उपयोग के योग्य बनाया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद बोकारो थर्मल स्थित सेंट्रल मार्केट के बजरंग बली मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान परियोजना प्रधान (एचओपी) सुशील कुमार अरजरिया एवं सीएसआर प्रबंधक मनीष चौधरी ने नारियल फोड़कर बस के सफल संचालन की कामना की। इसके बाद परियोजना प्रधान ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।

यह बस ऊपरघाट क्षेत्र से विद्यार्थियों को बोकारो थर्मल तथा कथारा स्थित डीएवी विद्यालय तक पहुंचाने का कार्य करती है। बस के संचालन, ईंधन, चालक एवं रखरखाव से जुड़े सभी खर्चों का वहन डीवीसी सीएसआर द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया, सीएसआर प्रबंधक मनीष चौधरी, भैरव महतो, रमेश यादव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्थानीय अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने बस की मरम्मत और पुनः संचालन पर खुशी जताते हुए डीवीसी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
