
बेरमो/बोकारो थर्मल-
बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी ओवरब्रिज पर शनिवार को एक सड़क दुर्घटना में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चश्मदीदों ने बताया कि सड़क पार कर रहे एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट पोल से टकराने के बाद पलट गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो (संख्या जेएच-10एक्यू-4228) कथारा से बोकारो थर्मल की ओर आ रहा था। हादसा डीवीसी ओवरब्रिज पर लाइफ एंड केयर जांच केंद्र के समीप हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक संजय कुमार सिंह (40) वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। अनिल सिंह, राहुल, शशि, नंद किशोर सिंह समेत अन्य स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह दब जाने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद कटर की सहायता से ऑटो के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायल चालक को स्थानीय लोगों की मदद से डीवीसी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डीजीएम (हेल्थ) डॉ. संजय कुमार ने प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सक के अनुसार दुर्घटना में चालक के बाएं हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दाहिने जबड़े में भी गंभीर चोट आई है। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव, एएसआई मनोज कुमार सिंह, एसआई पंकज कुमार भारद्वाज तथा गोविंदपुर ‘सी’ पंचायत के मुखिया विकास सिंह डीवीसी अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल लिया। पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि संजय कुमार सिंह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दुर्घटना के बाद उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
