• Thu. Feb 26th, 2026

जमशेदपुर  पूर्वी सिंहभूम के  दामिनी की पारिवारिक पृष्ठभूमि सुन भावुक हुईं डीसी, कहा- सबर परिवारों के लिए रोल मॉडल है दामिनी

Admin Office's avatar

ByAdmin Office

Jun 6, 2023

डीसी ने दामिनी को दिया अपना फोन नंबर, कहा- पढ़ाई लिखाई में या अन्य कोई समस्या हो तो जरूर बताना   सात भाई बहनों में दामिनी दूसरे नंबर पर जरूर है लेकिन बोर्ड परीक्षा में फर्स्ट डिविजन से पास कर पूरे जिला का नाम रौशन किया है । सबर परिवारों में पढ़ाई-लिखाई का बेहतर माहौल मिल पाना कल्पना से परे जरूर है लेकिन दामिनी ने उन सभी    बधायो को   को तोड़ते हुए जो काम किया है उसपर हम सभी को गर्व है,  ये बातें डीसी विजया जाधव ने दामिनी से मुलाकात के दौरान कही। बोर्ड परीक्षा में दामिनी को 67 फीसदी अंक प्राप्त हुए हैं, अखबार के माध्यम से खबर मिलने के बाद डीसी ने दामिनी से मिलने की इच्छा जाहिर की थी । दामिनी जब डीसी से मुलाकात करने उनके कार्यालय में पहुंची तो भावनाओं का ज्वार दोनों ओर था। दामिनी जहां उपायुक्त से मुलाकात को लेकर विश्वास नहीं कर पा रही थी तथा यह मौका देने के लिए बार-बार धन्यवाद जता रही थी, वहीं डीसी भी दामिनी की पारिवारिक कहानी सुनकर भावुक हो गईं। करीब आधे घंटे तक उन्होने दामिनी से काफी स्नेह से बात करते हुए उसके पारिवारिक पृष्ठभूमि को जाना तथा हरसंभव मदद को लेकर भरोसा दिया । दामिनी ने पढा़ई लिखाई में हमेशा प्रेरित करने के लिए चाकुलिया की लेडी सुपरवाइजर सविता सिन्हा एवं अपने विद्यालय के.एन.जे के शिक्षकों के प्रति आभार जताया । बताया कि लेडी सुपरवाइजर मैडम से अपनी परेशानी बताई तो अपना समय निकालकर ऑफिस से आने के बाद ट्यूशन भी पढ़ाती थीं।

ट्रेन में भीख मांगते हैं भाई-बहन- दामिनी को मिलने वाले सम्मान को देखकर कहते हैं अब पढ़ाई करेंगे
चाकुलिया नगर पंचायत के सामने वाजपेयी नगर में रहने वाले दामिनी के परिवार में मां जेसिन सबर तथा 6 और भाई बहन हैं । पिता का स्वर्गवास हो चुका है, मां राजमिस्त्री का काम करती हैं। दामिनी से बड़ा एक भाई है, अन्य 4 भाई व एक बहन उससे छोटे हैं । दामनी बताती है कि उसके सभी छोटे भाई बहन चाकुलिया रेलवे स्टेशन व ट्रेन में भीख मांगते हैं लेकिन बोर्ड परीक्षा में सफल होने के बाद उसे मिलता सम्मान देख सभी ने आगे पढ़ाई जारी रखने की इच्छा जाहिर की है। उपायुक्त द्वारा दामिनी का नामांकन कस्तूरबा विद्यालय, चाकुलिया में कराने के साथ साथ सभी भाई बहनों को भी स्कूल में नामांकन कराने की  बात कही गई। इस मौके पर उपायुक्त ने दामिनी को पेन, किताब, खाने-पीने का सामान के साथ-साथ उसके भाई बहनों के लिए भी ढेर सारा उपहार दिए साथ ही आगे भी ऐसे ही मन लगाकर पढ़ाई जारी रखने की बात कही । दामिनी ने डीसी से उनका फोन नंबर मांगा तो उन्होने भी तुरंत पेज में लिखकर अपना फोन नंबर देते हुए कहा कि बेटा कहीं भी पढ़ाई लिखाई से संबंधित कोई दिक्कत या अन्य कोई समस्या आए तो जरूर बताना। दामिनी की इस उपलब्धि पर डीसी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जिस विषम परिस्थिति में इस बच्ची ने किताब-कॉपी को हथियार बनाकर जीवन को संवारने की भरसक कोशिश की है ,   उन्होने दामिनी की  तारीफ करते हुए कहा कि ऐसी जीवन में संघर्ष  बहुत कम ही देखने को मिलती है, जो दामिनी ने कर दिखाया वे सबर परिवारों के लिए रोल मॉडल तो है कि, आम परिवारों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। डीसी ने उसके परिवार को मिलने वाले सरकारी योजनाओं के लाभ के बारे में पूछा, परिवार में मां को विधवा पेंशन मिल रहा है, परिवार को राशन मिलता है तथा दामिनी को पूर्व में मुख्यमंत्री सुकन्या योजना तथा वर्तमान में भी मुख्यमंत्री सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ मिल रहा है । घर का हालत जर्जर है जिसपर उपायुक्त ने अन्य सभी सरकारी योजनाओं से भी दामिनी के परिवार को सहायता  करने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *