• Sat. Aug 29th, 2026

गोविंदपुर सी पंचायत सचिवालय में एसआईआर को लेकर जनसुनवाई शिविर, बीडीओ व मुखिया ने कहा—कोई भी योग्य मतदाता न रहे वंचित

admin's avatar

Byadmin

Aug 29, 2026
crescent ad

 

 

बेरमो/बोकारो थर्मल-

 

बोकारो थर्मल स्थित गोविंदपुर सी पंचायत सचिवालय भवन में शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जनसुनवाई सह दावा-आपत्ति शिविर का आयोजन किया गया। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे एसआईआर अभियान के तहत आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मतदाताओं ने पहुंचकर अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराईं।

 

शिविर में बेरमो प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार, गोविंदपुर सी पंचायत के मुखिया विकास सिंह उर्फ बबलू सिंह, पंचायत सचिव दीपक लोहरा, वार्ड सदस्य रविंदर ठाकुर, पंचायत सहायक अभिनीत कुमार सहित सभी बीएलओ, स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में मतदाता मौजूद रहे।

 

*अंतिम अवसर का लाभ उठाएं मतदाता : मुखिया*

 

मुखिया विकास सिंह ने कहा कि पूरे देश में एसआईआर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पंचायत सचिवालय में जनसुनवाई दिवस आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी योग्य एवं वैध मतदाता मताधिकार से वंचित नहीं रहे।

 

उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं का किसी कारणवश एसआईआर नहीं हो पाया है अथवा मतदाता सूची से नाम हट गया है, वे शिविर में पहुंचकर दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए आयोग द्वारा निर्धारित 14 प्रकार के दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज के माध्यम से अपना दावा प्रस्तुत किया जा सकता है। वहीं, जिन लोगों का नाम कभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं रहा है, उनके लिए फॉर्म-6 भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

मुखिया ने बताया कि यह शिविर केवल गोविंदपुर सी पंचायत तक सीमित नहीं है, बल्कि बी और सी पंचायत के विभिन्न बूथों के मतदाताओं की भी सुनवाई की जा रही है। गोविंदपुर सी पंचायत में 31 अगस्त को भी शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपना एसआईआर एवं मैपिंग कार्य अवश्य पूरा कराएं।

 

*80 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी : बीडीओ*

 

बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि एसआईआर का पहला चरण पूरा हो चुका है। 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अब जांच-पड़ताल एवं दावा-आपत्ति का कार्य चल रहा है। इस प्रक्रिया के तहत योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा रहे हैं।

 

उन्होंने बताया कि मैपिंग का अर्थ वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान करना है। वर्ष 2003 के बाद जन्मे अथवा नए योग्य हुए मतदाताओं के नाम उनके माता-पिता, दादा-दादी या नाना-नानी के नाम से मैप कर जोड़े जा रहे हैं। गोविंदपुर क्षेत्र में अब तक 80 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि शेष अनमैप्ड मतदाताओं के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

 

*नेपाली मूल के मतदाताओं के लिए भी बताए नियम*

 

बीडीओ ने नेपाली मूल के मतदाताओं के संबंध में भी नागरिकता के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 जून 1987 तक भारत में जन्मे नेपाली मूल के लोगों का नाम जन्म प्रमाणपत्र के आधार पर जोड़ा जाएगा। वहीं, 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 तक जन्मे लोगों के लिए जन्म प्रमाणपत्र के साथ माता-पिता में से किसी एक के भारतीय नागरिक होने का प्रमाण आवश्यक होगा। 3 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे लोगों के लिए जन्म प्रमाणपत्र के साथ माता-पिता दोनों के भारतीय नागरिक होने का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा।

 

शिविर में बीएलओ अमिता कुमारी, रिंकू कुमार, गिरिजा देवी, मीना देवी, यशोदा देवी एवं अर्चना शर्मा के अलावा स्वयंसेवक वेदानंद सिंह, विकास तिवारी, ओसवाल रिचर्ड तिर्की, संजय सिंह एवं सुशील शर्मा मौजूद रहे। पंचायत सहायक अभिनीत कुमार, सन्नी लाल एवं संजू कुमारी तथा सहयोगी अमित, संतोष, राजीव, संतु एवं विक्की ने भी शिविर के संचालन में सहयोग किया।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *