
*रांची :* लोहरदगा के समाहरणालय मैदान में आयोजित खतियानी जोहार यात्रा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जम कर भड़ास निकाली। सीएम ने खुले मंच से अधिकारियों को भी चेतावनी दी है। कार्यक्रम में शामिल हजारों ग्रामीणों, जेएमएम और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि खतियानी यात्रा को बल और ताकत देने के लिए जिले भर से आए किसान, ग्रामीण, टाना भगत समेत अन्य को हाथ जोड़कर जोहर करता हूं। हमारे ऊपर अनगिनत शोषण हुआ। जानवरों से भी बुरा बर्ताव होता रहा।

हमारी मां बहन का शोषण होता था। सीएम ने कहा कि वीर सपूतों ने हमारे आदिवासी समाज से जन्म लिया, जिन्होने शोषण के विरुद्ध जंग किया। कुछ आदिवासी विपक्षी नेता खुद को आदिवासी बोलने से बच रहे हैं, पर हम गर्व से आदिवासी होने की बात कहते हैं। क्या भगवान बिरसा मुंडा का बेटा चोर हो सकता है, पर ये लोग चोर साबित करने में लगे हैं।

*सीएम सोरेन ने कहा राज्य में जरूरतमंदों के लिए बन रही योजनाएं*
सीएम ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि यहां पर आने वाले लोग बड़े पूंजीपति नहीं है, बल्कि ये रोज अपना कमाई कर खाना खाते हैं। आदिवासियों के डीएनए में डर नाम की चीज नहीं है। गरीब को अधिकार खुद से नहीं मिलता, बल्कि लड़ कर लेना पड़ता है। पांचों उंगली एक बराबर नहीं है, सब एक बराबर हो जाए तो वह ठूठा कहलाता है। हेमंत सोरेन ने कहा कि कई ऐसी चीजें हैं, जिसे हम आज यहां बताने आएं हैं। झारखंड विरोधी यहां पर 20 साल तक राज्य किया, पर आंदोलनकारियों को सम्मान नहीं मिला। हमने इसके लिए आयोग बना दिया है। जो योजना 20 सालों में कागजों पर बनता था, उसके लिए आपकी सरकार योजना लाकर जरूरतमंद को लाभ पहुंचाने का काम किया। एक घंटा में पेंशन कार्ड मिला। राज्य की मनोदशा को देखते हुए जरूरतमंदों के लिए योजना दिया जा रहा है।
*राज्य में सभी को मिल रहा पेंशन : सीएम सोरेन*
मुख्यमंत्री ने कहा, देश का पहला राज्य झारखंड है, जहां सभी को पेंशन देने का काम किया है। सीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो बीडीओ काम नहीं करेगा, वह बीडीओ हाजत में होगा।समीक्षा में कुछ कमी मिली, जिस पर अधिकारियों को झाड़ लगाई और एक माह का समय दिया है। इस अवधि में काम नहीं करने वाले सभी पदाधिकारी दंड के भागी होंगे। युवाओं को पढ़ाई और कोचिंग के लिए और रहने खाने के लिए सरकार पैसा देगी। आदिवासियों की भावनाओं को कोई नहीं समझ सकता, इसलिए आप आईएएस अधिकारी बने, जज बने हम सहयोग करेंगे। पूर्व की सरकार में पदाधिकारियों की पिटाई हुई, पर आज उन पदाधिकारियों के चेहरे पर मुस्कान है। हम जब कानून बनाए तो विपक्षियों के सीने पर सांप लिपट गया, ये भाईचारे का कानून नहीं बनाए, अब कानून पास होने पर लोग रंग-गुलाल लगाते हैं। हमारे बीच के लोग इसे समझ रहे हैं।
*सीएम ने पिछली सरकारों पर साधा निशाना*
सीएम ने कहा कि 20 वर्षों में इन नालायकों ने क्या किया, हाथी उड़ा दिया। सरकार बनने के साथ ही राज्य में कोरोना आ गया। जब इससे लड़ने का काम शुरू किया तो पता चला की पूरा खजाना हीं खाली कर दिया गया है। हमलोग जोड़-घटाव शुरू किए तो पता चला कि बहुत बड़ा पैसा केंद्र सरकार के पास है। वह पैसा हमें मिल जाए तो गुजरात से भी हम आगे आ जाएंगे। यहां पर खनन का काम सबसे ज्यादा होता है, इस राज्य में 100 साल से ज्यादा समय से खनन कार्य चल रहा है। एक लाख 30 हजार करोड़ भारत सरकार के पास बकाया है। इसके लिए दिल्ली दरबार में हाजिर हुए और राशि की मांग की, फिर रगड़ा के बाद राशि देने पर सहमति बनी और पैसा देना भी शुरू किया। फिर हमारी आवाज बंद करने के लिए सीबीआई समेत अन्य एजेंसियों को लगा दिया। ताकि उसी में उलझ कर रह जाएं। आज एन-केन प्रकरण से परेशान करने में लगे हैं। विगत 20 साल तक इन नालायकों ने सरकार चलाया
*सरकार करेगी हर जरूरतमंद की मदद : सीएम सोरेन*
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि नेतरहाट फिल्ड फायरिंग रेंज रद्द किया, अब वहां खेती-बाड़ी होगी। वन अधिकार अधिनियम में बदलाव हुआ तो आदिवासियों के हित के विपरीत है। इसके लिए प्रधानमंत्री से पत्राचार किया। बच्चियां पढ़ती रहें, हम सहयोग करें, इस राज्य को अपने हाथों से संवारेंगे। बाहर जाने वाले श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन कराकर जाएं। ताकि किसी आपात स्थिति में मजदूर को लाभ मिल सके। हमारे सामने कुछ ऐसी बाते आती हैं, जिसमें कुपोषण की शिकार बच्चे और महिलाएं होती हैं। अब हमारे बच्चे और महिलाएं कमजोर क्यों हो रही है, ये इसलिए हो रहा है क्योंकि पूर्व की बातों को अमल नहीं करते। अब हम राशन कार्ड पर जिंदा रहते है, इसलिए पूर्व की योजना को लेकर पशुधन योजना शुरू किया है। हड़िया-दारू फेंकिए और सरकार की योजना को लेकर माथा पर लेकर जाइए और खुशहाल रहिए। सरकार हर तरह से जरुरतमंदों को मदद करेगी। इसलिए हड़िया-दारू छोड़िए और सरकार की योजना का लाभ लीजिए। कार्यक्रम में कई गणमान्य हुए उपस्थित सीएम ने कहा कि महंगाई आज चरम पर है। उन्होने कहा कि खतियान 1932 लागू किए, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया और सरना धर्म कोड लागू किया। इसलिए पूरा झारखंड मेरे साथ है। सीएम ने कहा कि आगे क्या षड्यंत्र करेगा, वह वही जाने। जो खतियान की बात करेगा, वहीं झारखंड में राज्य करेगा। जो 1932 की बात करेगा, वही झारखंड में राज्य करेगा। इससे पूर्व उर्सूलाइन की प्रशिक्षुओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का स्वागत हुआ। कार्यक्रम में श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू, सीएम के प्रेस सलाहकार अभिषेक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक सुखदेव भगत, बंधु तिर्की, सुखैर भगत, मोजम्मिल अहमद, अनिल उरांव आदि मौजूद थे।
*बीस सालों में जो नहीं हुआ, वह अब हो रहा : मंत्री*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि जो काम पिछले 20 सालों में नहीं हुआ। वह गठबंधन की सरकार कर रही है। गांव, गरीबों की समस्याओं का समाधान हो रहा है। शिविर लगाकर लोगों से आवेदन लिया गया और उसका निष्पादन किया गया है। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग से मजदूर जुड़ें। विभाग से मिलने वाले लाभ को प्राप्त करें। कन्यादान, साईकिल के लिए पैसा, दुर्घटना में स्वास्थ्य सुविधा, बेरोजगारों को प्रशिक्षण आदि योजनाएं चलाई जा रही है। आईटीआई को भी जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब युवाओं को यूपीएससी और जेपीएससी की पढ़ाई के लिए मदद दिया जा रहा है। यह सरकार सभी वर्गों के लिए काम कर रही है। आम आदमी की सरकार है और आम आदमी के लिए बेहतर कदम उठाते हुए काम कर रही है।
*भाजपा को चरित्र का आईना दिखा रहे : धीरज साहू*
राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि भाजपा को चरित्र का आईना दिखाने का काम हम कर रहे हैं। भाजपा के नेता सिर्फ जुमलेबाजी करते हैं। राज्य में अधिकांश समय भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही। ऐसे में राज्य की क्या स्थिति रही यह किसी से छुपी हुई नहीं है। भाजपाई कभी अपने गिरेबान में झांकते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के पास घमंड नहीं है। विकास को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं। खिलाड़ियों के विकास के लिए काम कर रहे हैं। राज्य विकास की पटरी पर जल्द ही दौड़ेगा। इसको लेकर झारखंड सरकार बेहतर रूप से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोहरदगा के विकास को लेकर उन्होंने कई प्रमुख बातें रखी है। जिसे मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया है। लोहरदगा को विकास के पटल पर स्थापित करने को लेकर वह निरंतर प्रयास करते रहे हैं।
*गरीब-दलितों के लिए काम कर रही सरकार : बंधु*
पूर्व विधायक और कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि हमारी सरकार गरीब और दलितों के लिए काम कर रही है। इनके लिए योजनाएं लाई जा रही है। सरकार ने 1932 के खतियान को लागू करने का काम किया है। बंधु तिर्की ने कहा कि योजना गांव तक पहुंच रही है या नहीं इसकी समीक्षा आज की गई है। गरीब, युवाओं को पढ़ाई के लिए अमेरिका, इंग्लैंड आदि स्थानों पर भेजा जा रहा है। छात्रवृत्ति की राशि बढ़ा दी गई है। जहां पहले चार सौ रुपये मिलते थे, वहां अब पंद्रह सौ रुपये दिए जा रहे हैं। छात्राओं के खाते में राशि भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सभी के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन किया है। पारा शिक्षक, आंगनबाड़ी सेविका, सहिया को सम्मान दिया जा रहा है। जो पिछली सरकार में नहीं हुआ, वह सभी जनहित के काम हमने अपनी सरकार में करके दिखाएं हैं। काम करने की इच्छा शक्ति हो तो कुछ भी असंभव नहीं है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
