• Mon. Aug 17th, 2026

केरेडारी में सांप के डंसने से छह वर्षीय बच्चे की मौत, अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने का आरोप

admin's avatar

Byadmin

Aug 16, 2026
crescent ad

 

अंतर्कथा प्रतिनिधि केरेडारी

 

केरेडारी: थाना क्षेत्र के पेटो पंचायत स्थित चट्टी पेटो में 15 अगस्त की देर रात जहरीले सांप के डंसने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजन कुमार के रूप में हुई है। वह स्टाफ होटल संचालक बिनोद साहू के छोटे भाई पप्पू साहू का पुत्र बताया जा रहा है।

 

परिजनों के अनुसार, रात करीब 12 बजे राजन को सोने के दौरान जहरीले सांप ने डंस लिया। इसके बाद परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। आरोप है कि उस समय अस्पताल में चिकित्सक, नर्स अथवा कंपाउंडर मौजूद नहीं थे और केवल एक गार्ड ड्यूटी पर था। प्राथमिक उपचार एवं एंटी-वेनम उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजनों को बच्चे को हजारीबाग सदर अस्पताल ले जाना पड़ा।

 

हजारीबाग सदर अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर प्राथमिक उपचार और एंटी-वेनम की पहली खुराक मिल जाती तो बच्चे की जान बच सकती थी। हालांकि, इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

 

बच्चे की मौत की खबर के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों और परिजनों ने शव को केरेडारी अस्पताल परिसर में रखकर अस्पताल का घेराव किए जाने की सूचना है। लोग अस्पताल में रात के समय चिकित्सकीय व्यवस्था नहीं होने को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

 

घटना ने केरेडारी क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में यदि सरकारी अस्पताल में डॉक्टर और जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी तो दूरदराज के मरीजों को समय पर इलाज कैसे मिलेगा।

 

ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि केरेडारी क्षेत्र में वर्षों से एनटीपीसी जैसी बड़ी कोयला कंपनी का संचालन और खनन गतिविधियां जारी हैं, लेकिन क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की कमी बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि केरेडारी और बड़कागांव क्षेत्र में गंभीर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण कई बार स्थिति जानलेवा हो जाती है।

 

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, रात के समय अस्पताल में चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त एंटी-वेनम दवा उपलब्ध कराने की मांग की है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *