• Sat. Sep 12th, 2026

ओवरटेक के दौरान पलटा स्कूली बच्चों से भरा ऑटो, 10-12 बच्चे घायल

admin's avatar

Byadmin

Sep 12, 2026
crescent ad

 

बोकारो थर्मल-

 

बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के लाल चौक-जेरवा बस्ती के समीप शुक्रवार की सुबह स्कूली बच्चों को ले जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार करीब 10 से 12 बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को तत्काल डीवीसी बोकारो थर्मल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद बच्चों को अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया।

 

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे ऑटो संख्या JH 10 BD 1534, जिस पर ‘देवराज’ लिखा हुआ था, कर्मल स्कूल के करीब 12 से 14 बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। बताया जाता है कि ऑटो के आगे एक हाइवा चल रहा था। हाइवा को पीछे से ओवरटेक करने के दौरान ऑटो चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ऑटो सड़क पर पलट गया।

 

घायलों में हिरम नाजिया, गुलाम मोइउद्दीन और एमडी रजाब तैयब सहित अन्य बच्चे शामिल हैं। हिरम नाजिया के दाहिने हाथ में अंदरूनी चोट बताई गई है। वहीं गुलाम मोइउद्दीन के गाल तथा एमडी रजाब तैयब के होंठ और दांत में चोट आई है। अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद अभिभावकों को बच्चों की स्थिति पर नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर बेहतर उपचार कराने की सलाह दी गई।

 

स्कूल समय में नो-एंट्री की मांग

 

घटना के बाद अभिभावकों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अभिभावकों ने प्रशासन से सुबह छह बजे से नौ बजे तक स्कूल आने-जाने के समय संवेदनशील मार्गों पर नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने की मांग की है। साथ ही स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की नियमित जांच और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है।

 

अभिभावकों का कहना है कि स्कूल समय में भारी वाहनों की आवाजाही और तेज गति से वाहन चलाने पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *