• Wed. Jul 8th, 2026

एसडीओ ने नि:क्षय मित्र बनकर 11 टीबी मरीजों को लिया गोद, रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को किया सम्मानित

admin's avatar

Byadmin

Jul 8, 2026
crescent ad

 

*चक्रधरपुर* : उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम के मार्गदर्शन में संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अनुमंडल पदाधिकारी ने नि:क्षय मित्र बनकर 11 टीबी (क्षयरोग) मरीजों को गोद लिया तथा उन्हें पोषणयुक्त न्यूट्रिशनल फूड बास्केट वितरित किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जुड़ने का आह्वान किया।

 

एसडीओ ने कहा कि टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि सामान्यतः टीबी का इलाज छह माह तक चलता है और इस दौरान कोई भी नागरिक, संस्था, सामाजिक संगठन अथवा जनप्रतिनिधि नि:क्षय मित्र बनकर मात्र 600 रुपये प्रति माह के सहयोग से किसी टीबी मरीज को पोषण सहायता प्रदान कर सकता है। पूरे उपचार काल के लिए एक मरीज को गोद लेने हेतु 3,600 रुपये का सहयोग अपेक्षित होता है। उन्होंने कहा कि सहयोग करने वाले दानदाताओं को रसीद के साथ संबंधित मरीज की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

 

उन्होंने सभी नागरिकों से टीबी मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही टीबी जैसी बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।

 

इसी क्रम में विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर में प्रोजेक्ट जागृति के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया।

 

कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल चिकित्सा पदाधिकारी ने सभी रक्तदाताओं को कॉफी मग एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने रक्तदाताओं के मानवीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है।

 

एसडीओ ने कहा कि “रक्तदान महादान है” और प्रत्येक स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचा सकता है। साथ ही उन्होंने समाज के सभी वर्गों से रक्तदान एवं प्रोजेक्ट जागृति जैसे जनहितकारी अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, शिक्षक, मीडिया प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। जिला प्रशासन की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *