• Sat. Jul 18th, 2026

आहार दिवस पर जिला प्रशासन की व्यापक मॉनिटरिंग, राशन वितरण से लेकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का लिया जायजा

admin's avatar

Byadmin

Jul 18, 2026
crescent ad

 

 

चाईबासा : आहार दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी 18 प्रखंडों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन की ओर से प्रतिनियुक्त वरीय नोडल पदाधिकारी एवं सहायक नोडल पदाधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित प्रखंडों का भ्रमण कर जन वितरण प्रणाली, धोती-साड़ी-लूंगी वितरण योजना, पंचायत सचिवालय सुदृढ़ीकरण कार्य तथा मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति का स्थल निरीक्षण किया।

 

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों का निरीक्षण कर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की जांच की। लाभुकों से सीधे संवाद कर राशन की मात्रा एवं गुणवत्ता, ई-पॉस मशीन के माध्यम से वितरण, स्टॉक संधारण एवं वितरण पंजी का सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि किसी भी पात्र लाभुक को खाद्यान्न प्राप्त करने में परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित हो।

 

निरीक्षण के क्रम में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी धोती, साड़ी एवं लूंगी वितरण योजना के तहत पात्र लाभुकों के बीच वस्त्रों का वितरण भी किया गया। अधिकारियों ने लाभुकों से योजना संबंधी फीडबैक प्राप्त किया तथा जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सभी पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

 

प्रखंड भ्रमण के दौरान पंचायत सचिवालयों के सुदृढ़ीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पंचायत सचिवालय भवनों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, कार्यालय संचालन व्यवस्था तथा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। संबंधित विभागों एवं कार्य एजेंसियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने तथा पंचायत सचिवालयों को ग्रामीणों के लिए प्रभावी सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया गया।

 

वहीं, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची संक्षिप्त विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बूथ स्तर पर चल रही डिजिटाइजेशन प्रक्रिया, अभिलेख संधारण एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए बीएलओ और निर्वाचन कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक प्रविष्टि की शुद्धता बनाए रखने का निर्देश दिया।

 

जिला प्रशासन ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सेवा वितरण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरीय एवं सहायक नोडल पदाधिकारियों का प्रखंड भ्रमण आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों एवं कमियों के आधार पर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी रूप से पहुंच सके।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *