• Thu. Jan 1st, 2026

रांची समेत झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में बादल छाने और कहीं कहीं बारिश होने के करण तापमान आयी नीचे, लोगों को मिली राहत

ByAdmin Office

Apr 23, 2024

 

राजधानी रांची समेत झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में बादल छाने और कहीं-कहीं बारिश होने के कारण सोमवार को भीषण गर्मी से राहत मिली है। रांची समेत विभिन्न जिलों के अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। रांची में सुबह से ही बादल छाए रहे। दोपहर बाद यहां तेज हवा के साथ कहीं-कहीं बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रही। बारिश और ठंडी हवा के कारण यहां के तापमान में 6 डिग्री गिरावट दर्ज की गई।

 

सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री से 33.4 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम ठंडा होने से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। सुबह से लेकर शाम तक मौसम में ठंडापन रहा। घरों में दिन भर चलने वाले एसी और कूलर को भी राहत मिली। लोड कम पड़ने से बिजली की भी आपूर्ति सामान्य रही। दूसरी ओर, संताल, कोल्हान, पलामू और लू की चपेट में आए अन्य हिस्सों के तापमान भी नीचे आ गए। सोमवार को राज्य में पूर्वी सिंहभूम का बहरागोड़ा सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे के दौरान यहां का अधिकतम तापमान 46.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

 

बुधवार से मौसम होगा साफ

 

मेदिनीनगर का तापमान सोमवार को 36 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर के तापमान में भी 3 डिग्री की गिरावट आई और यह 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। संथाल में पाकुड़ का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बांग्लादेश और असम के पूर्वोत्तर भाग पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इस सिस्टम के होने की वजह से पूर्वी हवा झारखंड की ओर आ रही है। बुधवार से मौसम साफ होगा, जिससे गर्मी बढ़ेगी। यह सिस्टम अगले 24 घंटे में भी काम रहेगा और मंगलवार को झारखंड के ऊपर हल्के बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश होगी। इससे तापमान में और कमी आएगी। इसके बाद मौसम साफ होगा।

 

कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बारिश

 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान रांची समेत राज्य के दक्षिणी हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं वज्रपात होने की चेतावनी भी दी गई है। विभाग की ओर से बताया गया कि बारिश के कारण मंगलवार को भी तापमान में गिरावट दर्ज किया जाएगा।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *