
सरायकेला : संविधान दिवस के अवसर पर जहां देशभर में संविधान, अधिकार, कानून और न्याय की चर्चा हो रही है, वहीं चांडिल डैम से प्रभावित विस्थापित किसान आज भी अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं। किसानों के खेतों में पानी भर जाने से धान की फसल डूब गई है और फसल सड़ने की आशंका बढ़ गई है। किसानों के सामने अपनी महीनों की मेहनत और आजीविका बचाने का संकट खड़ा हो गया है।
बताया जा रहा है कि चांडिल डैम का जलस्तर लगभग 181 RL के आसपास पहुंचने से आसपास के कई गांवों के खेत प्रभावित हुए हैं। किसानों का आरोप है कि जलस्तर बढ़ाने में नियमों की अनदेखी की गई, जिसका खामियाजा आज किसान भुगत रहे हैं। खेतों में जमा पानी के कारण धान की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है।
ईचागढ़ प्रखंड के हाड़ात, पहाड़पुर, चिरकुई, खीरी, सोनागाड़ा, बामनडीह, मैसाढ़ा, लोपसोडीह, गाराडीह, दियाडीह, खोखरो, रुगड़ी, मातकमडीह, ईचागढ़, हुटुप, बाबूचामदा एवं छोटा आमड़ा सहित कई गांवों के खेत प्रभावित हैं।
नीमडीह प्रखंड के अंडा, हूटू, कल्याणपुर, लावा, मुरू, सीमा एवं गुंडा आदि गांवों में भी खेतों में पानी जमा होने की शिकायत सामने आ रही है।
चांडिल प्रखंड के हाथीनादा, पियालडीह, रामायगोड़ा, रसुनिया, बोराबिंदा सहित कई गांवों के किसान जलजमाव से प्रभावित हैं।
वहीं कुकड़ू प्रखंड के कुमारी, दयापुर, झापागोड़ा, उदाटांड़, दुलमी, ओरिया, बांदावीर, केंदा आंदा, कारकीडीह, ऐदलडीह, चौका, आदारडीह सहित अन्य गांवों में खेतों में पानी भरने से किसान फसल नुकसान की आशंका को लेकर चिंतित हैं।
विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन महतो ने कहा कि संविधान दिवस पर अधिकार और न्याय की बात करना तभी सार्थक होगा, जब विस्थापित किसानों की पीड़ा को भी सुना जाए। आज किसान अपनी फसल को डूबते हुए देख रहा है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि, विभाग और अधिकारी मौन हैं।
उन्होंने कहा कि आपदा को लेकर बैठकें होती हैं, आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन किसानों को धरातल पर राहत नहीं मिल रही है। विधायक, सांसद, संबंधित विभाग और अभियंता किसानों की समस्या पर गंभीरता से पहल करें, अन्यथा किसानों का नुकसान लगातार बढ़ता जाएगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विकास के नाम पर अपनी जमीन देने वाले विस्थापितों का यही भविष्य है? क्या अपनी जमीन और घर-बार देकर विकास में योगदान करना विस्थापित परिवारों के लिए अभिशाप बन गया है?
राकेश रंजन महतो ने मांग की कि प्रभावित खेतों का तत्काल सर्वे कराया जाए, जलजमाव की समस्या का समाधान किया जाए, किसानों की डूबी फसल का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए तथा जलस्तर के संचालन और नियमों की जांच कर जवाबदेही तय की जाए।
संविधान दिवस पर विस्थापित किसानों की यही पुकार है – उन्हें भी न्याय मिले, उनके अधिकारों की रक्षा हो और उनकी बर्बाद होती फसल के लिए सरकार तत्काल राहत सुनिश्चित करे।
“विकास के नाम पर जमीन देने वाले किसान आज अपने ही खेतों में डूबती फसल देखकर रो रहे हैं। उनकी आवाज को अनसुना करना लोकतंत्र और न्याय दोनों के साथ अन्याय है।”
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
