
मुजफ्फरपुर जिले के बरुराज थाना क्षेत्र के अहरौलिया गांव में मंगलवार की अहले सुबह सिरफिरे पुत्र विनोद कुमार पासवान ने अपने पिता राजेन्द्र पासवान (65) की लाठी डंडे से पीट-पीट कर हत्या दी। घटना की खबर लगते ही गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों में चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।

पुलिस ने हत्यारे पुत्र विनोद को हिरासत में ले लिया है। घटना के बावत राजेंद्र की बड़ी बहू सविता देवी ने पुलिस को बताया कि सुबह विनोद लाठी से घर के दरवाजे को तोड़ रहा था। उसके पिता डांट-फटकार लगाते हुए उसे ऐसा करने से मना कर रहे थे। इससे आक्रोशित होकर विनोद ने उसी लाठी से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

इससे उनका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गए। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। अचेतावस्था में ससुर को इलाज के लिए निजी क्लिनिक में ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत बताया।
उसने बताया कि घटना के बाद उसका देवर मजे से गांव में घूम रहा था। वहीं, बरुराज थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित विनोद कुमार पासवान को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ की जा रही है। परिजन उसे मानसिक रूप से बीमार बता रहे हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जेल जा चुका है विनोद, मां की भी कर चुका था पिटाई :
सविता ने पुलिस को बताया कि दो वर्ष पूर्व भी विनोद ने जानलेवा हमला कर पिता राजेन्द्र पासवान की बेरहमी से पिटाई कर लहूलुहान कर दिया था। मामले में बड़े पुत्र मनोज पासवान के बयान पर एफआईआर दर्ज कर बरुराज थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भी भेजा गया था। हालांकि, वह जल्द ही जेल से छूट कर आ गया था और घर पर पुनः तरह-तरह की हरकतें करना शुरू कर दिया था। बताया कि विनोद ने तीन साल पहले अपनी मां राजपति देवी की भी पिटाई की थी। बांस से मार उनका सिर फोड़ दिया था। तब से वह इलाज के लिए बड़े बेटे मनोज के साथ दिल्ली में ही रहती हैं।
पत्नी ने चार साल पहले छोड़ दिया था विनोद को :
सविता ने पुलिस को बताया कि विनोद की शादी वर्ष 2009 में हुई थी। वह कोई काम नहीं करता था। हमेशा घर पर ही रहता था और बार-बार अपनी पत्नी की पिटाई करता था। इससे आजिज आकर चार साल पहले उनकी पत्नी उसे छोड़ कर अपने मायके चली गई और दूसरी शादी कर ली।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
