• Sun. Nov 1st, 2026

महिला दुष्कर्म मामले को लेकर भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, एसपी को सौंपा ज्ञापन,गीता कोड़ा ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना, आरोपी पुलिसकर्मी की बर्खास्तगी और तीन माह में स्पीडी ट्रायल कराने की उठाई मांग

Subhasish Kumar's avatar

BySubhasish Kumar

Nov 1, 2026
crescent ad
 गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर रविवार को भारतीय जनता पार्टी ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा प्रदेश कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घटना पर आक्रोश जताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को मांग पत्र सौंपकर मामले में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में शामिल पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बात करने वाली सरकार के शासनकाल में ही महिलाओं के साथ इस तरह की घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है।
मंईयां सम्मान योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केवल योजनाओं की घोषणा से महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकती। उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इसे निकम्मी सरकार करार दिया और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर जवाबदेही तय करने की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं। पार्टी ने आरोपी पुलिसकर्मी को तीन दिनों के भीतर सेवा से बर्खास्त करने, मामले की सुनवाई के लिए तीन महीने के अंदर स्पीडी ट्रायल शुरू कराने तथा जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति दुरुस्त करने की मांग की है।
इसके साथ ही जिले के सभी थानों में सप्ताह के सातों दिन महिला पुलिसकर्मियों की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि थाने जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस प्रकार का गंभीर आरोप सामने आना पुलिस व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि पीड़िता को न्याय मिलने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाता रहेगा।

There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed