
Jamshedpur : जमशेदपुर के सांसद श्री बिद्युत बरण महतो के निरंतर प्रयासों तथा क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को बड़ी सफलता मिली है। रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड ने घाटशिला रेलवे स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी प्रदान की है।
रेलवे बोर्ड द्वारा 12859/12860 मुंबई सीएसएमटी–हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस तथा 12129/12130 पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस के घाटशिला स्टेशन पर ठहराव को स्वीकृति दी गई है। दोनों ट्रेनों के ठहराव से घाटशिला सहित पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
गीतांजलि एक्सप्रेस के ठहराव से घाटशिला क्षेत्र का मुंबई और हावड़ा जैसे प्रमुख शहरों से रेल संपर्क और बेहतर होगा। वहीं, आजाद हिंद एक्सप्रेस के ठहराव से पुणे, हावड़ा सहित मार्ग में आने वाले प्रमुख शहरों तक आवागमन में यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
*सांसद की लगातार पहल का परिणाम*
घाटशिला स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से स्थानीय यात्रियों, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी। सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस मांग को रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड के समक्ष लगातार उठाया। इस संबंध में उनके स्तर से आवश्यक पत्राचार एवं लगातार आग्रह किया गया।
रेलवे बोर्ड की ओर से ठहराव को मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सांसद श्री बिद्युत बरण महतो के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों का घाटशिला में ठहराव क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि न केवल यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि घाटशिला एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी बढ़ावा मिलेगा।
सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं एवं मांगों को संबंधित मंचों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि घाटशिला स्टेशन पर दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
