• Thu. Jan 1st, 2026

नोएडा के चर्चित यश मित्तल हत्या का फरार मास्टरमाइंड का लोकेशन मिला मुम्बई में, गर्लफ्रेंड संग मुंबई फरार,अन्य आरोपी गिरफ्तार

ByAdmin Office

Mar 14, 2024

 

 

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित बेनेट विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले अमरोहा के छात्र यश मित्तल की हत्या के मास्टरमाइंड शुभम चौधरी की आखिरी लोकेशन मुंबई में मिली है। आरोपित की बहन सीआईएसएफ में तैनात है। आशंका है कि मुंबई में आरोपित उसी के यहां छिपा था। आरोपित के साथ उसकी प्रेमिका भी फरारी काट रही है।

 

 

शुभम को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। कारोबारी के बेटे यश की हत्या के मामले में शुभम ही वह अहम कड़ी है, जिसकी गिरफ्तारी के बाद कई टूटी हुई कड़ियां जुड़ेंगी। वही पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि शुभम उस दिन विश्वविद्यालय के बाहर भी मौजूद था, जब सुशांत व रचित यश को गाड़ी में बैठाकर ग्रेटर नोएडा से गजरौला ले गए थे।

 

सभी ने मिलकर दबाया था गला

 

दरअसल, घटना की जांच में जुटी पुलिस को शुभम के संबंध में कई अहम जानकारी हाथ लगी हैं। उसकी कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। जांच में यह भी पता चला है कि शुभम, रचित व सुशांत ने मिलकर यश का गला दबाया था। सबसे पहले शुभम ने ही उसका गला पकड़ा था।

 

महिला मित्र को लेकर मुंबई पहुंचा

 

हत्या करने के बाद शव को अमरोहा के गजरौला में मिट्टी के दस फीट गहरे गड्ढे में दबा दिया था। हत्या में शुभम की महिला मित्र के शामिल होने की भी आशंका है। महिला मित्र को लेकर ही शुभम मुंबई पहुंचा था। वह ट्रेन में सवार होकर मुंबई पहुंचा था।

 

जल्द दाखिल होगी चार्जशीट

 

हत्या में शामिल सुशांत, रचित, शिवम, सुमित को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। चारों आरोपितों के खिलाफ पुलिस जल्द ही चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करेगी। मामले में मुख्य साक्ष्य के रूप में उस संदेश को भी शामिल किया जाएगा जो कि आरोपितों ने यश की हत्या करने के बाद उसके पिता व बहन को भेजा था। यश के ही मोबाइल से संदेश भेजकर आरोपितों ने छह करोड़ की फिरौती वसूलने की भी कोशिश की थी।

 

यह है मामला

 

गजरौला (अमरोहा जिला, यूपी) के मोहल्ला टीचर्स कॉलोनी में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे सूर्य इलेक्ट्रॉनिक के नाम से शोरूम चलाने वाले प्रदीप मित्तल के 19 वर्षीय बेटे यश मित्तल की उसके ही दोस्तों ने 26 फरवरी की रात हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद शव को गजरौला के पास तिगड़िया गांव के जंगल में 10 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया था।

यश ग्रेटर नोएडा की बेनेट विश्वविद्यालय से बीबीए की पढ़ाई कर रहा था। 27 फरवरी को आरोपितों ने यश के फोन से उसके पिता प्रदीप मित्तल व बहन को मैसेज भेजकर छह करोड़ की फिरौती मांगी। तब स्वजन को मामले की जानकारी हुई और उन्होंने सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने यश के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर गजरौला के मुहल्ला तिगरिया भूड़ में छापेमारी करते हुए उसके दोस्त रचित गुर्जर को गिरफ्तार किया। उसके बाद देर रात 28 फरवरी को दादरी में हुई मुठभेड़ में सुशांत, शिवम व सुमित पकड़े गए, तीनों को गोली लगी थी।

 

फरार आरोपित शुभम की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसको गिरफ्तार किया जाएगा। -अशोक कुमार, एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *