
नर्मदापुरम। जिले के डोलरिया, पथरौटा, सिवनीमालवा क्षेत्र में लगातार लूट की वारदात कर रहे लुटेरों के गिरोह को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। लुटेरों से लूटी गई सामग्री व वारदात में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया गया है। खास बात यह है कि लुटेरों ने सब्जी काटने वाले चाकू का उपयोग कर आधा दर्जन वारदात को अंजाम दिया था।

गिराेह को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग रूप रखकर डेरा डाले रखी। पथरौटा टीआइ प्रवीण चौहान चरवाहा (बकरी चाराने वाला) बने तो वहीं प्रधानआरक्षक कन्हैया लाल गौर ने धोबी व आरक्षक सियाराम तेकाम ने लकड़हारा की भूमिका निभाई। करीब तीन दिन की मेहनत के बाद लुटेरों का गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसपी डा गुरकरन सिंह ने लुटेरों के गिरोह को पकड़ने वाली पुलिस टीम को तीस हजार रुपये के नगद पुरस्कार व प्रधान आरक्षक कन्हैयालाल व आरक्षक सियाराम को पांच-पांच हजार रुपये के कैश रिवार्ड देने की घोषणा की है। एसपी ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल में अयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान वारदात का खुलासा किया।

चाकू अड़ाकर की थी वारदात
सद्दाम पिता शहीद खान निवासी ताम्सी थाना दमुआ जिला छिंदवाडा ने 22 सितंबर को रात करीब 10.50 बजे रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नर्मदापुरम से बाइक से तान्सी जाने के लिए निकला था। फोरलेन ओवरब्रिज के आगे रोड के साइड में बाइक खड़ी कर बाथरूम के लिए गया। वापस आने के बाद बाइक पर बैठाा था कि इसी दौरान एक बाइक से दो लड़के आए। एक लड़के ने मेरा मोबाइल व बाइक की चाबी छुड़ा ली। एक लड़का कहने लगा कि तेरे पास जो भी सामान है निकाल कर दे दे और पर्स मांगने लगा। सद्दाम ने जैसे ही लुटेरो को कहा कि पर्स पहले ही गुम हो चुका है तो दूसरे लड़के ने पेट में चाकू अड़ा दिया। तभी पीछे से दो और लुटेरे आए और मोबाइल का पासवर्ड मांगा। मोबाइल का लाक खोलने के बाद बाइक लेकर वहां से बैतूल की ओर भाग गए। डोलरिया रतवाड़ा मार्ग पर भी लुटेरों ने इटारसी निवासी फारेस्ट कर्मी महिपाल सिंह व पिपरिया निवासी अमन कीर से लूट की वारदात की। दोनों ने भी पुलिस थाने में लूट की वारदात की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बागदेव के जंगल में पुलिस ने डाला डेरा
लुटेरों के गिरोह को दबोचने के लिए एसपी डा गुरकरन सिंह ने इटारसी, तवानगर, केसला व पथरौटा थाने की अलग-अलग टीमों को गठित किया था। बागदेव के जंगल में छुपकर बैठे लुटेरों को पकड़ने के लिए पुलिस कर्मियों ने अलग-अलग वेशभूषा धारण की थी। टीआई प्रवीण कुमार चोहान चरवाहा बनकर लुटेरों पर नजर रखते रहे। तो वहीं प्रधानआरक्षक कन्हैया गौर ने धोबी व आरक्षक सियाराम तेकाम ने लकड़हारा का भेष रखकर जंगल में घूमते रहे।
तीन टीमों को तैनात किया गया
एसपी के निर्देश पर एएसपी अवधेश कुमार सिंह ने इटारसी एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में तीन टीमों को अलग-अलग तैनात किया था। टीम को लीड एएसपी व एसडीओपी कर रहे थे। तीनों टीमों ने पूरे गिरोह को दबोच लिया। जंगल में पकड़े गए सभी संदेहियों से गहन पूछताछ की गई तो वारदात का खुलासा हो गया।
इन आरोपितों ने की थी वारदात –
सत्यम पिता विष्णु केवट उम्र 19 निवासी ग्राम बिल्दी थाना सिवनीमालवा।
आकाश पिता कमल सिंह परते उम्र 20 निवासी बिल्दी थाना सिवनीमालवा।
आशीष बिता महेश रनसूरमा उम्र 20 निवासी ग्राम बिल्दी व्यासकालोनी सिवनीमालवा।
विवेक पिता डोंगर सिंह सेन उम्र 20 साल निवासी तवा कालोनी सिवनीमालवा।
वीरदास उर्फ वीरू पिता गरीबदास कुमरे उम्र 19 निवासी खकरापुरा सिवनीमालवा।
सब्जी काटने वाले चाकू का किया उपयोग
पुलिस ने आरेापितों के कब्जे से लूटी की गई सामग्री व हथियार जब्त किया है। आरोपितों ने सभी लूट की वारदात में सब्जी काटने वाले चाकू का उपयेाग किया। जांच में सामने आया कि आरेापित पेट्रोल सूंघने के आदि हैं। जल्दी पैसे कमाने के लिए गिरोह बनाया और लूट की वारदात करनी शुरू कर दी। पिछले एक माह से यह गिरोह पथरोटा, डोलरिया, सिवनीमालवा क्षेत्र में सक्रिय था। आरोपितों को न्यायालय पेश किया गया जहां से रिमांड पर लिया गया है। अन्य वारदातों का भी पर्दाफाश होने की संभावना है।
एक माह से सक्रिय था गिरेाह
नर्मदापुरम एसपी डा. गुरकरन सिंह ने बताया कि आरोपित एक माह से अलग-अलग जगहों पर लूट की वारदात कर रहे थे। सभी पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपितों से पूछताछ की गई व लूट का सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस टीम को पुरस्कार दिया जा रहा है। टीआई, प्रधानआरक्षक व आरक्षक ने बेहतर काम किया है उन्हें कैश रिवार्ड दे रहे हैं।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
