
Adityapur : आदित्यपुर में मंगलवार देर रात वेज रोल खाने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आयडा गेट के सामने स्थित खाऊ गली में हुई चाकूबाजी की इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गश्त पर निकले सरायकेला एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज और आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फास्ट फूड दुकान के संचालक समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार देर रात करीब एक बजे की है। मानगो निवासी शेखर तिर्की आदित्यपुर शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में लाइटिंग का काम करने आया था। रात में वह अपने साथी गोलू के साथ आयडा गेट स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर वेज रोल खाने पहुंचा।
इसी दौरान ऑर्डर को लेकर शेखर और दुकानदार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। स्थिति बिगड़ती देख शेखर और गोलू ने फोन कर दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को मौके पर बुलाया। सूचना मिलने पर समिति का सदस्य सन्नी वहां पहुंचा, लेकिन आरोप है कि दुकानदार और उसके कर्मचारियों ने उस पर भी हमला कर चाकू घोंप दिया। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंचे सागर झा और अरुण पांडे को भी हमलावरों ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
