• Thu. Nov 26th, 2026

संविधान दिवस पर नारायण प्राइवेट आईटीआई में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित, संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

admin's avatar

Byadmin

Nov 26, 2026
crescent ad

 

 

सरायकेला : नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह, परिसर में संविधान दिवस बड़े ही सम्मान, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के निर्माता, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया गया तथा संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक डॉ. जटाशंकर पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतांत्रिक राष्ट्र की आधारशिला है। यह केवल शासन व्यवस्था चलाने वाला दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता, सम्मान और न्याय प्रदान करने वाला महान ग्रंथ है। संविधान ने भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को एकता के सूत्र में बांधने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।

 

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर का दिन हम सभी भारतीयों के लिए गौरव और आत्मचिंतन का अवसर है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जो 26 जनवरी 1950 से प्रभावी हुआ। संविधान निर्माण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं संविधान सभा के सभी सदस्यों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

 

डॉ. पांडेय ने आगे कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। विशेषकर विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक होना चाहिए तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों को भी समझना चाहिए। एक अच्छे नागरिक की पहचान केवल उसके अधिकारों से नहीं, बल्कि उसके कर्तव्यों, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, सद्भावना, समानता और सामाजिक समरसता को अपने जीवन में अपनाने तथा देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी संविधान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने भारतीय संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक परंपराओं, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

 

अंत में संविधान निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

 

इस अवसर पर मुख्य रूप से प्राचार्य जयदीप पांडे, प्रकाश महतो, भगत लाल तेली, शशि प्रकाश महतो, देवाशीष मंडल, पवन महतो, निकिता गोराई, लक्ष्मी महतो, निमाई मंडल एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *