
जमशेदपुर । टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन 2026 का 11वां संस्करण 29 नवंबर, 2026 को आयोजित किया जाएगा।
मैराथन को शहर के धावकों और फिटनेस प्रेमियों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। अब तक कुल 4,514 लोगों ने इसके लिए पंजीकरण कराया है। इस आयोजन में लगभग 5,400 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है, जो शहर में लंबी दूरी की दौड़ और फिटनेस के प्रति बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। कुल पंजीकरण में महिलाओं की भागीदारी 29 प्रतिशत है, जो रनिंग समुदाय में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को रेखांकित करती है।

टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज, डी. बी. सुंदरा रामम ने कहा कि टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन लगातार शहर के धावकों को एक साथ जोड़ने का काम कर रही है। यह आयोजन फिटनेस, सामुदायिक भागीदारी और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ जमशेदपुर की खेल संस्कृति और पहचान का भी उत्सव है।

आज जमशेदपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मैराथन की टी-शर्ट और नए डिजाइन वाले फिनिशर मेडल का अनावरण किया गया। इस वर्ष के मेडल को एक नया और खास रूप दिया गया है, जो जमशेदपुर के मूल स्वरूप और पहचान को दर्शाता है। यह मेडल केवल दौड़ पूरी करने का प्रतीक नहीं है, बल्कि एक यादगार उपहार भी है, जो शहर और मैराथन का हिस्सा बनने के अनुभव को हमेशा के लिए संजोकर रखेगा।
इस वर्ष एक खास पहल के तहत पहली बार 5 किमी श्रेणी के प्रतिभागियों को भी मेडल दिए जाएंगे। इस पहल से इस श्रेणी में पंजीकरण की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और पिछले संस्करण की तुलना में प्रतिभागियों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। प्रतिभागियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए, दौड़ के सभी मार्गों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हाफ मैराथन के मार्ग पर 13, 10 किमी के मार्ग पर सात और 5 किमी के मार्ग पर पांच हाइड्रेशन पॉइंट बनाए जाएंगे। प्रत्येक हाइड्रेशन पॉइंट पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की सुविधा भी उपलब्ध होगी। 21 किमी और 10 किमी श्रेणी के प्रतिभागियों को इलेक्ट्रोलाइट्स भी दिए जाएंगे, ताकि शरीर में पानी और जरूरी लवणों का संतुलन बना रहे, थकान कम हो और दौड़ के दौरान उनका अनुभव बेहतर हो।
हाइड्रेशन पॉइंट, दौड़ के मार्ग, प्राथमिक उपचार की सुविधाओं और अस्थायी शौचालयों से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों के लिए तैयार किए गए निर्देश पुस्तिका में दी जाएगी। यह पुस्तिका 27 और 28 नवंबर, 2026 को आयोजित होने वाले मैराथन एक्सपो के दौरान सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को वितरित की जाएगी। इस आयोजन को सफल बनाने में निरंतर सहयोग देने के लिए टाटा स्टील अपने सभी सहयोगी भागीदारों का हार्दिक आभार व्यक्त करती है। टाटा कॉपर+ हाइड्रेशन पार्टनर और जिंजर होटल्स हॉस्पिटैलिटी पार्टनर है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
