
आदित्यपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर जयप्रकाश उद्यान स्थित छठ घाट पर प्रवीण सिंह सेवा संस्थान की ओर से सेवा शिविर लगाकर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा की गई।संस्थान के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविंद सिंह तथा अध्यक्ष सह आदित्यपुर नगर निगम के उपमहापौर अंकुर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर के माध्यम से छठ व्रतियों को निःशुल्क पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई।
शिविर की खास पहल के तहत इस वर्ष 350 छठ व्रतियों के बीच भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के लिए पीतल के लोटे और कच्चे दूध का वितरण किया गया। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए चाय, पेयजल और अन्य आवश्यक पूजन सामग्रियों की व्यवस्था भी की गई थी।
इस मौके पर अंकुर सिंह ने बताया कि संस्थान की ओर से पिछले 16 वर्षों से लगातार छठ व्रतियों की सेवा की जा रही है। पहले उनके पिता के समय यह सेवा शिविर ‘इनसाइड झारखंड न्यूज’ के नाम से संचालित होता था,
जिसे बाद में प्रवीण सिंह सेवा संस्थान के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ाया गया। वहीं, पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति और मानव जीवन के बीच गहरे जुड़ाव तथा सामंजस्य का प्रतीक है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता है कि व्रती बिना किसी पुरोहित के स्वयं भगवान सूर्य की आराधना करते हैं।
उन्होंने बताया कि घाट पर स्वच्छता, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और पर्याप्त रोशनी के साथ संध्या एवं प्रातः अर्घ्य के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से कतारबद्ध एवं अनुशासित तरीके से पूजा-अर्चना करने की अपील की।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं। शिविर में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह,संरक्षक नंद कुमार सिंह सहित संघ के विभिन्न पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
