
सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत टीकर मौजा की 24.80 एकड़ सार्वजनिक जमीन पर कथित अतिक्रमण के प्रयास को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। सोमवार को राजबाड़ी ईचागढ़ के युवराज उदय प्रताप आदित्यदेव के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर अंचलाधिकारी दीपक प्रसाद को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों के अनुसार, टीकर मौजा के खाता संख्या 583 और प्लॉट संख्या 3817 की उक्त 24.80 एकड़ जमीन का इस्तेमाल दशकों से सार्वजनिक कार्यों के लिए होता रहा है। इस भूमि पर श्मशान घाट, सरकारी तालाब, वन विभाग का पौधरोपण क्षेत्र, सामूहिक खेती और गौचारण जैसी गतिविधियां संचालित होती रही हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सार्वजनिक उपयोग की इस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इतना ही नहीं, बिना सक्षम प्राधिकार की अनुमति के पेड़ों की कटाई और परिसर में स्थित आश्रम को तोड़ने की कोशिश किए जाने की भी शिकायत की गई है।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जमीन से संबंधित राजस्व अभिलेखों एवं अन्य दस्तावेजों का सत्यापन करने तथा सार्वजनिक उपयोग की इस भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित रखने की मांग की है।
इस मौके पर ग्राम प्रधान माणिक घोष, फटीक गोराई, दिवाकर कैवर्त, अजय साहू, श्यामापद नापित, गुरुदयाल शर्मा, नीमाई साहू, राजेन साहू समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
