
उपायुक्त की अध्यक्षता में समाहरणालय में हुई बैठक, सुरक्षित घाटों पर ही छठ करने की अपील, डीसी और एसपी ने दी पर्व की शुभकामनाएं ।
सरायकेला खरसावां जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आगामी दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण एवं आवश्यक तैयारियों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, परियोजना निदेशक ITDA उषा मुंडू, नगर आयुक्त आदित्यपुर एजाज अनवर, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने कहा कि दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान आम नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में पटाखों की बिक्री केवल अस्थायी अनुज्ञप्ति प्राप्त विक्रेताओं द्वारा ही की जाएगी। पटाखा बिक्री के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप पर्याप्त एवं उपयुक्त स्थलों का चयन किया जाए। किसी भी परिस्थिति में घरों के आसपास अथवा अनधिकृत स्थानों पर पटाखों की बिक्री की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी अनुज्ञप्तिधारी विक्रेता चिह्नित स्थलों पर ही सुरक्षा मानकों का अनुपालन करते हुए बिक्री करेंगे। सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को अपने क्षेत्र में उपयुक्त स्थलों का चिह्नांकन कर प्रस्ताव जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
छठ पर्व को लेकर उपायुक्त ने जिले के सभी प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत एवं सफाई तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण की जाएं। अनुमंडल पदाधिकारियों एवं नगर आयुक्त को छठ घाटों पर की जा रही तैयारियों का नियमित निरीक्षण करने तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन छठ घाटों पर जल की गहराई अधिक है अथवा पूर्व में दुर्घटनाएं हुई हैं या दुर्घटना की संभावना है, ऐसे घाटों को चिह्नित कर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संबंधित स्थलों पर सतर्कता एवं चेतावनी संबंधी सूचना पट्ट लगाए जाएं। साथ ही पर्याप्त सुरक्षा बल, गोताखोरों एवं CCTV कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील छठ घाटों तथा दुर्घटना संभावित स्थलों का नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने एवं तैयारियों की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उपायुक्त ने सभी शहरी क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले मार्गों पर समय रहते नो-एंट्री एवं रूट डायवर्जन की कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आम नागरिकों को यातायात संबंधी आवश्यक सूचनाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने छठ घाटों तक जाने वाले मार्गों, मुख्य सड़कों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर अनधिकृत दुकानें लगाए जाने पर नियमित निगरानी रखने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों एवं ट्रैफिक इंस्पेक्टर को दिया।
पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने कहा कि मुख्य सड़क एवं सर्विस रोड पर अनावश्यक रूप से दुकानों का संचालन नहीं होना चाहिए। नगर निकाय क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा अतिक्रमण के मामलों में संबंधित नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने तथा यातायात प्रबंधन के लिए कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा के क्रम में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सा पदाधिकारियों एवं चिकित्सकीय दल को 24×7 सक्रिय एवं अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही एंबुलेंस सेवा एवं अग्निशमन वाहनों को भी आवश्यकतानुसार त्वरित सेवा उपलब्ध कराने हेतु तैयार अवस्था में रखने को कहा गया।
उपायुक्त ने सभी छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे छठ पूजा के लिए जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ तैयार किए जा रहे घाटों का ही उपयोग करें। केवल नजदीक अथवा सुविधाजनक होने के कारण ऐसे किसी अन्य जलाशय, नदी या घाट पर पूजा करने से बचें, जहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। विशेष रूप से अधिक जलगहराई वाले एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर जाने से परहेज करें।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगियारी ने जिलेवासियों को दीपावली एवं छठ महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए विधि-व्यवस्था संधारण में सहयोग प्रदान करने की अपील की।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
