• Wed. Oct 21st, 2026

उपायुक्त, श्री नितिश कुमार सिंह ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न विसर्जन घाटों का किया निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा

admin's avatar

Byadmin

Oct 21, 2026
crescent ad

 

सरायकेला-खरसावां। दुर्गा पूजा प्रतिमाओं के विसर्जन के मद्देनजर आज उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह ने नगर आयुक्त, आदित्यपुर नगर निगम श्री एजाज अनवर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विसर्जन घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान विसर्जन को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु की गई तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सभी प्रमुख विसर्जन घाटों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती, समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा घाटों तक जाने वाले मार्गों को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सुरक्षा बैरिकेडिंग के माध्यम से निर्धारित सुरक्षित सीमा के बाद कोई भी व्यक्ति पानी के अंदर न जाए। साथ ही, घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

उपायुक्त ने सभी प्रमुख विसर्जन घाटों पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने निर्देश दिया कि विसर्जन स्थलों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त, विसर्जन मार्गों पर पुलिस गश्ती दल की सक्रियता बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

 

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा बैरिकेडिंग, पेयजल सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा जान-माल की क्षति की स्थिति उत्पन्न न हो।

 

*पूजा समितियों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण विसर्जन को लेकर अपील…*

 

उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों से अपील की कि प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म, समुदाय अथवा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीत-संगीत या आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग न किया जाए। सभी पूजा समितियां आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें।

 

निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी, गम्हरिया, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *