• Fri. Oct 16th, 2026

थोक बाजार एवं ओम सुपर मार्केट में खाद्य सुरक्षा विभाग ने किया निरीक्षण, सूजी, मैदा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित

admin's avatar

Byadmin

Oct 16, 2026
crescent ad

 

सरायकेला। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच के उद्देश्य से सरायकेला क्षेत्र के थोक बाजार एवं ओम सुपर मार्केट में निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री रितेश कुमार एवं श्री विशाल कुमार सिंह द्वारा की गई इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहित किए गए।

 

निरीक्षण के क्रम में सूजी, मैदा सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु संग्रहित किए गए। इन नमूनों को विश्लेषण के लिए राजकीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

खाद्य पदार्थों की लेबलिंग एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश…

 

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थों का कारोबार करने तथा उत्पादों पर आवश्यक विवरण अंकित होने की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। खाद्य उत्पादों पर वैध लाइसेंस/पंजीकरण संख्या, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि सहित अन्य अनिवार्य विवरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंगों का उपयोग नहीं करने तथा केवल नियमानुसार अनुमत खाद्य रंगों का निर्धारित सीमा के भीतर उपयोग करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *