
सरायकेला : कोल्हान आयुक्त ने सरायकेला में की विकास व विधि-व्यवस्था की समीक्षा, लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश ।
सरायकेला कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने सरायकेला डीसी कार्यालय में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने राजस्व संग्रह, विकास योजनाओं, मतदाता पुनरीक्षण और आगामी त्योहारों की तैयारियों की जानकारी दी।
आयुक्त ने बताया कि जिले में राजस्व संग्रह की स्थिति संतोषजनक है। कर स्लैब में हुए हालिया बदलाव (28% से 18%) के प्रभाव को लेकर संबंधित विभागों के साथ समीक्षा की गई है और सभी विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने डीसी को राजस्व लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
विकास योजनाओं पर उन्होंने कहा कि कई योजनाएं लंबे समय से लंबित हैं। इस पर उपायुक्त और उप विकास आयुक्त को निर्देश दिया गया है कि वे व्यक्तिगत स्तर पर नियमित निगरानी कर तय समय-सीमा में योजनाओं को पूरा कराएं।
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) को लेकर उन्होंने बताया कि नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए फॉर्म-6 पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बूथ स्तर पर हुई बीएलओ व बीएलए बैठकों की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सबसे कम निबंधन वाले 10 मतदान केंद्रों को चिन्हित कर वहां व्यापक प्रचार-प्रसार चलाया जाए ताकि छूटे हुए पात्र युवा मतदाता सूची में शामिल हो सकें।
दुर्गा पूजा को लेकर एसपी के साथ विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई। त्योहार के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। रात्रि में पंडाल भ्रमण के दौरान घरों की सुरक्षा के लिए विशेष गश्ती, क्यूआरटी की तैनाती और पुलिस बल के मूवमेंट बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। आदित्यपुर में जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने का भी निर्देश दिया गया।
आदित्यपुर स्थित 500 बेड के अस्पताल के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पूरे मामले के रिकॉर्ड की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
