• Sun. Sep 27th, 2026

Adityapur : तंबाकू सर्वे के नाम पर घर-घर पहुंच रहे 4 संदिग्ध,उनके पहचान पत्र पूछ रहे, व्हाट्सऐप ग्रुप की सूचना से पार्षद ने पकड़ा, टली बड़ी ठगी,

Subhasish Kumar's avatar

BySubhasish Kumar

Sep 27, 2026
crescent ad
आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-13 स्थित सालडीह बस्ती में तंबाकू सर्वेक्षण के नाम पर घर-घर जाकर लोगों से जानकारी जुटा रहे चार संदिग्ध व्यक्तियों को स्थानीय लोगों की सतर्कता से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
समय रहते कार्रवाई होने से संभावित ठगी या गलत तरीके से व्यक्तिगत जानकारी एकत्र करने की आशंका पर रोक लग गई।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से एक महिला और तीन पुरुष क्षेत्र में घूम-घूमकर स्वयं को तंबाकू सर्वे से जुड़ा बताकर लोगों के घरों तक पहुंच रहे थे। स्थानीय लोगों को उनके पहचान पत्र और कार्यप्रणाली पर संदेह हुआ।
इसी बीच वार्ड निवासी कॉसमॉस लकड़ा ने मामले की जानकारी वार्ड पार्षद द्वारा संचालित व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा की, जिसके बाद लोगों ने मामले को गंभीरता से लिया। सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद शांतनु घोष की टीम सक्रिय हुई।
इसी दौरान क्षेत्र निवासी पिंटू कुमार उर्फ काली ने संदिग्धों के इलाके में मौजूद होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने चारों से पूछताछ की और उनसे आवश्यक दस्तावेज दिखाने को कहा। संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चारों व्यक्तियों को अपने साथ ले जाकर जांच शुरू कर दी।
बताया जाता है कि पकड़े गए सभी लोग बिहार के पटना निवासी हैं। हालांकि उनके सर्वे कार्य की वैधता और उद्देश्य को लेकर पुलिस जांच कर रही है। वार्ड पार्षद शांतनु घोष ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को बिना पहचान और अधिकृत दस्तावेजों की जांच किए अपनी व्यक्तिगत जानकारी उपलब्ध न कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस अथवा जनप्रतिनिधियों को दें।

There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *