
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार ने मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत संचालित नोटिस सुनवाई कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने उत्क्रमित उच्च विद्यालय- बरंगा पहुंचकर वहां संचालित नोटिस सुनवाई प्रक्रिया का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों से पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली।
उत्क्रमित उच्च विद्यालय- बरंगा में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 14, 15 एवं 16 से संबंधित नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सुनवाई की जा रही थी। उन्होंने मौके पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद करते हुए नोटिस के संबंध में उनकी ओर से प्रस्तुत किए जा रहे दस्तावेजों एवं अभिलेखों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से अब तक प्राप्त आवेदनों, प्रस्तुत दस्तावेजों तथा सुनवाई की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित प्रावधानों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपादित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है, इसलिए इसके शुद्धीकरण एवं अद्यतीकरण की प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक के हितों का ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

उन्होंने सुनवाई के दौरान प्रस्तुत किए जा रहे दस्तावेजों की विधिवत जांच, अभिलेखों के संधारण तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित कर्मियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि नोटिस प्राप्त प्रत्येक संबंधित व्यक्ति को अपनी बात रखने तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का समुचित अवसर मिले।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मौके पर मौजूद निर्वाचन कर्मियों से संवाद करते हुए सुनवाई कार्यक्रम के संचालन में आ रही व्यावहारिक चुनौतियों की भी जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित समय-सीमा के अनुपालन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
