
बोकारो थर्मल-
गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कोलकाता स्थित दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) मुख्यालय में नवनियुक्त चेयरमैन राजेश पांडेय के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर बोकारो थर्मल और चंद्रपुरा क्षेत्र के औद्योगिक विकास तथा विस्थापितों की लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक सहमति बनी।

बैठक के दौरान डीवीसी प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि अगले छह माह के भीतर बोकारो थर्मल और चंद्रपुरा में नए पावर प्लांट के निर्माण से संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इससे दोनों क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

वहीं, कोनार डैम क्षेत्र में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी डीवीसी प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाया है।
बैठक में विस्थापित परिवारों की वर्षों पुरानी समस्याओं को लेकर भी महत्वपूर्ण आश्वासन मिला। सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी द्वारा मजबूती से उठाए गए मुद्दों पर डीवीसी प्रबंधन ने प्रभावित परिवारों को जल्द पीईपी (PEP) कार्ड उपलब्ध कराने तथा हस्तांतरित जमीनों का म्यूटेशन पूरा कराने का भरोसा दिया। इससे लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए इंतजार कर रहे विस्थापित परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा, विस्थापितों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए अक्टूबर माह में सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी और डीवीसी चेयरमैन संयुक्त रूप से केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से मुलाकात करेंगे। इस दौरान क्षेत्र की लंबित मांगों और विस्थापन से जुड़े मामलों को केंद्र सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
बैठक में डीवीसी के पेंशनभोगियों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। उनकी शिकायतों के समयबद्ध समाधान के लिए विशेष कमेटी गठित करने पर सहमति बनी।
बैठक में डीवीसी के मेंबर सेक्रेटरी एसएस दास, मेंबर टेक्निकल एसके पांडा सहित निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
