
सरायकेला : झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता, पद्म भूषण से सम्मानित एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक नेताओं में शामिल स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को सरायकेला में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
इस अवसर पर बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापना के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया। इसके बाद सरायकेला टाउन हॉल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो ने की। सभा में उपस्थित नेताओं कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने दिशोम गुरु के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने शिबू सोरेन के संघर्षमय जीवन, अलग झारखंड राज्य के निर्माण में उनकी भूमिका तथा आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए किये गये उनके योगदान को याद किया।
नेताओं ने कहा कि दिशोम गुरु ने अपना पूरा जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा वंचित एवं शोषित समाज के हक की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
नेताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में स्थापित होने वाली उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को झारखंड आंदोलन के इतिहास और दिशोम गुरु के संघर्षों से परिचित करायेगी। उनका योगदान झारखंड के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।
कार्यक्रम में ईचागढ़ विधायक सविता महतो, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, झामुमो केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य गणेश चौधरी, केंद्रीय सदस्य गणेश महाली, कृष्णा बास्के, काबुल महतो, शिक्षाविद कालीपद सोरेन, जिला सचिव बुद्धेश्वर टुडू, राम महतो समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
