
आदित्यपुर। एसपी के निर्देश अनुसार आदित्यपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करों के नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस ने राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती समेत विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाकर 7 लाख 59 हजार 650 रुपये नकद तथा 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य आरोपी फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर के पुराने आरोपी एवं फरार चल रहे जावेद अंसारी उर्फ लड्डू के घर पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया।
इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि घर की छत पर कुछ लोग नशीले पदार्थों की बिक्री से प्राप्त रुपयों का हिसाब-किताब कर रहे हैं। सूचना के आधार पर जब पुलिस छत पर पहुंची तो वहां जाने वाला दरवाजा बाहर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर पुलिस जैसे ही ऊपर पहुंची, वहां मौजूद लोग छज्जे और पाइप के सहारे भागने लगे। भागते समय आरोपियों ने रुपये से भरे कई झोले सड़क पर फेंक दिए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
मौके से आजाद अंसारी को गिरफ्तार किया गया, जिसकी तलाशी में 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। जब्त नकदी की गिनती करने पर कुल 7,59,650 रुपये मिले।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि जांच में कपाली के मिन्नत नगर, जुगसलाई के आजाद नगर तथा आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती को इस नेटवर्क का प्रमुख ठिकाना पाया गया है।
मामले में इमरान, जावेद अंसारी उर्फ लड्डू, राशिद खातून, विपुल कर्मकार, रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल तथा प्रकाश पटेल की संलिप्तता सामने आई है। सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसपी ने कहा कि आदित्यपुर क्षेत्र में ड्रग्स कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने इस कार्रवाई में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार एवं उनकी टीम की सराहना की। थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने कहा कि ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस जवानों को उपलब्ध कराई गई मोटरसाइकिलों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है, जिससे पुलिस टीम घटनास्थल तक तेजी से पहुंचकर अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर पा रही है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
