• Sat. Jul 18th, 2026

बंदगांव प्रखंड के मतदान केंद्र का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूर्ण करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजर हुए सम्मानित

admin's avatar

Byadmin

Jul 18, 2026
crescent ad

 

 

पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने पुलिस अधीक्षक अमित रेणु एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार की उपस्थिति में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत जिले में संचालित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बंदगांव प्रखंड अंतर्गत राजकीय बुनियादी विद्यालय, कराईकेला स्थित मतदान केंद्र संख्या-46 का भ्रमण कर विशेष पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्र पर बीएलओ द्वारा किए जा रहे प्रपत्रों के संकलन, मतदाताओं के विवरण के सत्यापन, डिजिटाइजेशन कार्य तथा ईसीआई नेट एप्लीकेशन के माध्यम से संचालित ऑनलाइन प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से कार्य की प्रगति, डेटा अपलोड की स्थिति एवं मतदाता सूची के अद्यतन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

 

इस अवसर पर यह पाया गया कि संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल पदाधिकारी शैलेश कुमार महतो द्वारा विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त सभी प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने बीएलओ शैलेश कुमार महतो तथा संबंधित सुपरवाइजर विष्णु देव महंता को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

 

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बीएलओ एवं सुपरवाइजर के मोबाइल फोन में संचालित ईसीआई नेट एप्लीकेशन की कार्यप्रणाली का भी स्वयं परीक्षण किया। उन्होंने एप्लीकेशन के माध्यम से प्रपत्रों की प्रविष्टि, डिजिटाइजेशन की गुणवत्ता, ऑनलाइन सत्यापन प्रक्रिया एवं डेटा अपलोड की स्थिति का अवलोकन करते हुए निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक प्रविष्टि की गुणवत्ता एवं शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप में दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने अथवा अपात्र नाम शामिल रहने की स्थिति नहीं होनी चाहिए।

 

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान आम नागरिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए तथा प्राप्त सभी प्रपत्रों का समयबद्ध निष्पादन एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित तैयार हो सके।

 

जिला प्रशासन द्वारा विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी प्रखंडों में नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण एवं समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अभियान के प्रत्येक चरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *