
*चाईबासा* बच्चों के सर्वांगीण विकास, मानसिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में आनंददायी शिक्षण वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “प्रोजेक्ट बचपन- भविष्य की राहें” के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर तांतनगर परियोजना अंतर्गत तांतनगर-सी एवं लोवाहातु आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त श्री मनीष कुमार शामिल हुए और बच्चों के साथ उनका जन्मोत्सव मनाया। कार्यक्रम के दौरान जुलाई माह में जन्मदिन वाले बच्चों का सामूहिक रूप से केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। उपायुक्त ने बच्चों को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में बच्चों को विशेष एवं पौष्टिक भोजन परोसा गया, जिसमें उनकी पोषण संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न खाद्य सामग्री शामिल की गई। उपायुक्त श्री मनीष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने भी बच्चों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। जन्मोत्सव के इस अनूठे आयोजन से बच्चों में उत्साह, खुशी और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।

उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को समान अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के केंद्र नहीं हैं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक व्यवहार और आत्मविश्वास निर्माण के महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। जन्मोत्सव जैसे आयोजन बच्चों में अपनत्व की भावना विकसित करते हैं और उन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों से भावनात्मक रूप से जोड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि जिले का प्रत्येक बच्चा स्वस्थ, शिक्षित और खुशहाल वातावरण में विकसित हो। बच्चों के समग्र विकास के लिए पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और भावनात्मक विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का नियमित संचालन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। बच्चों ने कविता पाठ प्रस्तुत किया तथा उनके साथ विभिन्न ज्ञानवर्धक गतिविधियों में सहभागिता की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने, स्वच्छता अपनाने और पौष्टिक भोजन ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर तांतनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री पवन कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती श्वेता भारती, स्थानीय जनप्रतिनिधि, लेडी सुपरवाइजर, सेविका-सहायिका समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
