• Sat. Jul 11th, 2026

गोविंदपुर में बालिका सशक्तिकरण की नई उड़ान: लायंस क्लब ने शुरू किया निःशुल्क मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षण

admin's avatar

Byadmin

Jul 11, 2026
crescent ad

 

गोविंदपुर, धनबाद। बालिकाओं को आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की शक्ति प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए लायंस क्लब ऑफ गोविंदपुर ने “लायंस क्लब मार्शल आर्ट्स गर्ल्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट” का भव्य शुभारंभ क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल, बरियो, गोविंदपुर में किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि निरसा विधायक श्री अरूप चटर्जी सहित क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन डॉ. प्रो. एम.डी. शमीम अहमद, लायंस क्लब ऑफ गोविंदपुर के अध्यक्ष एवं क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक श्री ईसा शमीम, सचिव लायन राकेश कुमार, प्रशासक लायन राजेश जायसवाल, लायन नूपुर जायसवाल, डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन रोशन अग्रवाल, ज़ोन चेयरपर्सन श्री एस. के. राय, बरियो हाई स्कूल के प्राचार्य डॉ. आर. के. शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि, शिक्षाविद, समाजसेवी, अभिभावक एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक स्वागत, तिलक एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा पंजीकरण प्रपत्र का विमोचन तथा रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर संस्थान का उद्घाटन किया गया, जिसने महिला सशक्तिकरण, नई आशाओं और सुरक्षित भविष्य का संदेश दिया। सुश्री प्रतिमा पंडित के स्वागत गीत एवं साक्षी दत्ता की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने समारोह को गरिमामय बना दिया। सभी अतिथियों का गुलाब पुष्प भेंट कर सम्मान किया गया। रंजीता कुमारी, बेबी कुमारी, आलिया फातिमा, आकृति जायसवाल एवं आराध्या जायसवाल द्वारा प्रस्तुत रोमांचक मार्शल आर्ट्स प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों को आत्मरक्षा के महत्व का प्रभावशाली संदेश दिया।

 

मुख्य अतिथि श्री अरूप चटर्जी ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक बालिका का आत्मरक्षा में प्रशिक्षित होना समय की आवश्यकता है। आत्मरक्षा का कौशल न केवल सुरक्षा का माध्यम है, बल्कि यह आत्मविश्वास, साहस और आत्मनिर्भरता का भी आधार है। उन्होंने लायंस क्लब ऑफ गोविंदपुर की इस जनहितकारी पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े प्रत्येक प्रयास में अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

 

लायंस क्लब ऑफ गोविंदपुर के अध्यक्ष एवं क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक श्री ईसा शमीम ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल मार्शल आर्ट्स सिखाना नहीं, बल्कि ऐसी सशक्त पीढ़ी तैयार करना है जो जीवन की हर चुनौती का साहसपूर्वक सामना कर सके। उन्होंने बताया कि इस पहल के अंतर्गत प्रत्येक रविवार क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल परिसर में बालिकाओं को पूर्णतः निःशुल्क मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसका संचालन लायन नूपुर जायसवाल के नेतृत्व में किया जाएगा।

 

क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन डॉ. प्रो. एम.डी. शमीम अहमद ने कहा कि वास्तविक शिक्षा वही है जो विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन, जीवन कौशल और सामाजिक उत्तरदायित्व भी प्रदान करे। विद्यालय की प्राचार्या विजेता दास ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मबल और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का साहस विकसित करता है।

 

डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन रोशन अग्रवाल ने समाज के सभी जागरूक नागरिकों, संस्थाओं एवं सहयोगियों से इस अभियान से जुड़कर आगे आने तथा आर्थिक सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं तक निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण की सुविधा पहुँच सके और यह अभियान जन-आंदोलन का रूप ले सके।

 

कार्यक्रम का समापन लायन राजेश जायसवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह पहल केवल एक प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन नहीं, बल्कि बालिकाओं को निर्भीक, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाने की दिशा में समाज के सामूहिक संकल्प का प्रेरणादायी प्रतीक बनकर उभरी।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *