
गोविंदपुर, धनबाद। क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल, गोविंदपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भव्य योग समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री लालजी त्रिपाठी ने किया तथा योग प्रशिक्षण सत्र का नेतृत्व विद्यालय की योग प्रशिक्षिका श्रीमती रंजिता कुमारी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक श्री ईसा शमीम, प्राचार्या महोदया, क्रीड़ा भारती मातृशक्ति (बिहार, झारखंड एवं पश्चिम बंगाल) की प्रमुख श्रीमती शकुंतला मिश्रा, क्रीड़ा भारती के श्री मुकुल जी, लायंस क्लब गोविंदपुर के श्री अनुराग प्रदीप जी तथा उच्च विद्यालय बरियो के प्राचार्य डॉ. आर. के. शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर कु. प्रतिमा पंडित ने भावपूर्ण प्रार्थना गीत “तेरा शुक्रिया” प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया। इसके पश्चात श्रीमती रंजिता कुमारी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग सत्र में कटिचक्रासन, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, पश्चिमोत्तानासन, गोमुखासन, वज्रासन एवं बालासन का अभ्यास कराया गया। साथ ही कपालभाति एवं अनुलोम-विलोम प्राणायाम के माध्यम से योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई।

विद्यालय के सब-जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों द्वारा सूर्य नमस्कार एवं एरोबिक व्यायाम की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसकी उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहना की।
अपने प्रेरक संबोधन में अतिथियों ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। श्रीमती शकुंतला मिश्रा ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का सर्वोत्तम माध्यम है। डॉ. आर. के. शर्मा ने विद्यार्थियों को अनुशासित एवं स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के निदेशक श्री ईसा शमीम ने सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान पौधा भेंट कर किया। यह सम्मान प्रकृति संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, सकारात्मक एवं आत्मविश्वासी बनाती है।
अंत में प्राचार्या महोदया ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान “जन गण मन” के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
